Donald Trump: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डी.सी. में शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान कथित रूप से गोलीबारी की आवाजें सुनी गईं। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस सहित करीब 2,600 मेहमान मौजूद थे।
जैसे ही डिनर हॉल के पास गोलियों जैसी आवाजें सुनाई दीं, सीक्रेट सर्विस के एजेंट तुरंत सक्रिय हो गए और स्थिति को नियंत्रण में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति ट्रंप और उनकी पत्नी सुरक्षित हैं। साथ ही सुरक्षा एजेंसियों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है।
क्या है पूरा मामला?
वॉशिंगटन के हिल्टन होटल में शनिवार रात इस डिनर का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेता और मेहमान मौजूद थे। अचानक डिनर हॉल के बाहर तेज आवाजें सुनाई दीं, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 4 से 6 धमाके जैसी आवाजें सुनी गईं। सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए राष्ट्रपति को सुरक्षा घेरे में लेकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इस दौरान कई मेहमान डर के कारण टेबल के नीचे छिप गए।
कौन है संदिग्ध?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पकड़े गए संदिग्ध की पहचान कैलिफोर्निया के 31 वर्षीय कोल थॉमस एलेन के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि उसके पास हथियार मौजूद थे, लेकिन वह बालरूम के अंदर प्रवेश नहीं कर पाया। उसे प्रवेश द्वार पर ही सुरक्षा एजेंसियों ने पकड़ लिया।
घटना के दौरान एक सुरक्षा अधिकारी को सीने में गोली लगने की सूचना है, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहनने के कारण उसकी जान बच गई। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
दिग्गज नेताओं की मौजूदगी
घटना के समय कार्यक्रम में मार्को रुबियो और अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। सुरक्षा कारणों से सभी को जमीन पर लेटने के निर्देश दिए गए और बाद में सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घटना के बाद कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया। सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात की जांच कर रही हैं कि संदिग्ध व्यक्ति कड़ी सुरक्षा के बावजूद हथियारों के साथ होटल तक कैसे पहुंचा।
Read more:- CBSE 12th Result Date : जल्द जारी होगा परिणाम, ऐसे करें आसानी से चेक

