Anmol Bishnoi बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के घर फायरिंग और बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले का आरोपी गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई आज, 19 नवंबर 2025 को अमेरिका से भारत लाया जा रहा है। वह अमेरिका से डिपोर्ट किया गया है और कुछ ही देर में दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेगा। उसके साथ अन्य लोग भी उसी फ्लाइट से आ रहे हैं। फ्लाइट करीब डेढ़ घंटे लेट है।
जैसे ही अनमोल दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) उन्हें हिरासत में लेगी। उन पर कई बड़े मामलों की जांच चल रही है। सरकार तय करेगी कि आगे उनकी कस्टडी किस एजेंसी को मिलेगी। महाराष्ट्र पुलिस के अधिकारी ने बताया कि अनमोल सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट फायरिंग केस (अप्रैल 2024) में भी वांटेड है। मुंबई पुलिस भी उसे अपने कब्जे में लेने के लिए अदालत जाएगी।
अनमोल के खिलाफ देशभर में कई मामले दर्ज हैं। उसे अमेरिका और कनाडा से पकड़ कर भारत भेजा जा रहा है। उसके पास फर्जी रूसी पासपोर्ट भी मिला था। पिछले साल नवंबर में उसे अमेरिका में भी हिरासत में लिया गया था। NIA ने उसके सिर पर 10 लाख रुपये का इनाम रखा हुआ था।
अनमोल का नाम 2022 में पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या में भी सामने आया था। वहीं, दिवंगत नेता बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी ने कहा कि अनमोल को भारत लाकर उसके अपराधों की सजा मिलनी चाहिए।
बाबा सिद्दीकी को 12 अक्टूबर 2024 को बांद्रा में उनके बेटे के दफ्तर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े कई लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। कुल 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अनमोल बिश्नोई, शुभम लोंकर और जीशान मोहम्मद अख्तर अब तक वांटेड थे। अनमोल के भारत आने के बाद इन मामलों की जांच और तेज होगी।
