ITO Delhi Fire : दिल्ली में लगातार आग लगने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। जून महीने के पहले ही दिन आईटीओ स्थित स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (SPA) की इमारत में भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि इमारत की दूसरी मंजिल पर फैकल्टी के कमरे और कैबिन बने हुए हैं। आग की लपटें उठती देख वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
फिलहाल आग लगने की सटीक वजह सामने नहीं आई है, लेकिन मामले की जांच जारी है।
कब हुई घटना?
दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, यह घटना सोमवार सुबह 9:37 बजे की है। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
जानकारी के अनुसार, आग इमारत की दूसरी और तीसरी मंजिल पर लगी, जहां शिक्षा मंत्रालय के कुछ कार्यालय स्थित हैं। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं मिली है। एहतियात के तौर पर भवन में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और पूरे परिसर की जांच की गई।
कैसे लगी आग?
शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आग AC में खराबी के कारण लगी हो सकती है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने से पहले AC यूनिट से धुआं निकल रहा था और स्पार्किंग भी हो रही थी। इसके कुछ ही देर बाद आग की लपटें उठने लगीं। तेज हवा और भीषण गर्मी के कारण आग पर काबू पाना चुनौतीपूर्ण हो गया था। करीब 50 मिनट की मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने स्काई लिफ्ट की मदद से पानी की बौछार कर आग पर काबू पा लिया।
मुखर्जी नगर की इमारत में भी लगी थी आग
इससे पहले रविवार रात दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई थी। दमकल विभाग के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे आग लगने की सूचना मिली थी।
मौके पर पहुंची दमकल टीम ने राहत एवं बचाव अभियान चलाते हुए रात करीब 12:15 बजे आग पर काबू पा लिया। साथ ही इमारत के अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
Read more:- Delhi Fire: दिल्ली के RBI की इमारत की छत पर लगी आग, समय रहते पाया गया काबू

