Kolkata warehouse roof collapse: पश्चिम कोलकाता के तारातला इलाके में बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। ब्रेस ब्रिज के पास ट्रांसपोर्ट डिपो रोड स्थित एक निर्माणाधीन गोदाम की छत अचानक गिर गई। हादसे के समय गोदाम में कई मजदूर निर्माण कार्य में लगे हुए थे। छत गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में करीब 40 से 45 लोगों के मलबे में दबने की आशंका है। ऑल इंडिया रेडियो की रिपोर्ट के मुताबिक अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं कई अन्य लोगों के घायल होने की भी सूचना है। हादसे की जानकारी मिलते ही कोलकाता पुलिस, दमकल विभाग, आपदा प्रबंधन टीम और नागरिक सुरक्षा बल के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
अधिकारियों के अनुसार अब तक चार लोगों को सुरक्षित मलबे से बाहर निकाला गया है। हालांकि अभी भी कई लोगों के फंसे होने की आशंका के चलते बचाव अभियान लगातार जारी है। राहत कार्य को तेज करने के लिए क्रेन, जेसीबी और अन्य भारी मशीनों की मदद ली जा रही है। मलबे में दबे लोगों तक पहुंचने के लिए लोहे के बड़े-बड़े बीम और निर्माण सामग्री को हटाया जा रहा है।
बचाव अभियान में सेना के जवान भी प्रशासन की मदद कर रहे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। हालांकि शुरुआती स्तर पर निर्माण कार्य में खराब सामग्री के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है।
प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। बचाव कार्य पूरा होने के बाद हादसे के सही कारण और प्रभावित लोगों की वास्तविक संख्या का पता चल सकेगा। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।
Read more:- Lucknow Fire Tragedy: अवैध कमर्शियल कॉम्प्लेक्स और सुरक्षा चूक ने ली 15 लोगों की जान

