Yashwadi Hanuman Temple: महाराष्ट्र के परभणी जिले से एक बेहद दुखद और दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है। जिले की मानवत तहसील के यशवाड़ी गांव में स्थित प्रसिद्ध यशवाड़ी देवस्थान (हनुमान जी के मारुति मंदिर) परिसर में शनिवार को अचानक एक सभा मंडप के पिलर और छत का बड़ा हिस्सा भरभराकर ढह गया।
शनिवार का दिन होने के कारण मंदिर में कीर्तन और महाप्रसाद के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छत गिरते ही मंदिर परिसर में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
मलबे में दबे 30 से 40 लोग
शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, इस हादसे में लगभग 30 से 40 श्रद्धालुओं के मलबे के नीचे दबे होने की गंभीर आशंका जताई जा रही है। मलबे से अब तक 8 से 10 लोगों को बेहद गंभीर हालत में बाहर निकाला गया है, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है।
स्थानीय सूत्रों के हवाले से खबर आ रही है कि मलबे के नीचे से 5 से 6 श्रद्धालुओं के शव बरामद किए जा चुके हैं और कुछ लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से मृतकों और घायलों की सटीक संख्या को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ जिला प्रशासन, पुलिस बल और राहत-बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए। मलबे को हटाने और फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें:- Bigg Boss 20: फैसु से लेकर उर्फी जावेद तक, इस सीजन में नजर आ सकते हैं ये बड़े स्टार्स!

