Pranit More

Pranit More और हिमांशु की बढ़ीं मुश्किलें, महिला आयोग ने भेजा नोटिस

Pranit More : सोशल मीडिया पर आजकल ‘370 रुपये की बिरयानी’ का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जिस पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। पुलिस में केस दर्ज होने के बाद अब इस मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने भी सख्त एक्शन लिया है। महिला आयोग ने इस वीडियो पर खुद ध्यान देते हुए हरियाणा पुलिस को दोषियों के खिलाफ तुरंत कड़ी कार्रवाई करने को कहा है।

साथ ही, महिला आयोग ने गंदा कमेंट करने वाले हिंमाशु जांगड़ा और शो के होस्ट कॉमेडियन प्रणीत मोरे को नोटिस भेजकर 22 जून को शाम 4 बजे अपने दफ्तर में हाजिर होने का हुक्म दिया है।

कैसे शुरू हुआ विवाद ?

यह मामला गुरुग्राम में हुए एक स्टैंड-अप कॉमेडी शो का है। शो के दौरान दर्शकों में बैठे हिमांशु जांगड़ा नाम के लड़के ने माइक पर एक लड़की के बारे में बात की। हिमांशु ने कहा कि उसने एक लड़की के साथ चिकन बिरयानी खाई, जिस पर उसके 370 रुपये खर्च हुए। यहां तक तो सब ठीक था लेकिन, हिमांशु ने जो आगे कहा उसने बहुत बड़ा विवाद खड़ा कर दिया. आगे जब लड़की ने हिमांशु से कहा कि वो उसे घर छोड़ दे तो उसने अपने पैसे वसूलने की बात कहते हुए अपनी खराब और गंदी नीयत उजागर कर दी.

इस बेहद भद्दे और गंदे कमेंट पर गुस्सा होने के बजाय, शो के होस्ट और कॉमेडियन प्रणीत मोरे स्टेज पर जोर-जोर से हंसने लगे और तालियां बजाने लगे।

पूनम पांडे ने लगाई तगड़ी क्लास

जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर आया, लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। इस मामले में मॉडल और एक्ट्रेस पूनम पांडे का भी का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. एक्ट्रेस ने एक वीडियो शेयर करके इन दोनों लड़कों को जमकर डांटा। पूनम ने कहा- भाई क्या चल रहा है मार्केट में? मैंने ये 370 रुपये की बिरयानी वाली कहानी सुनी… वाह बेटा क्या सोच है आपकी!

मैं आपको बता दूं कि हम औरतों को हर महीने पीरियड्स होते हैं और हमारे पैड्स भी 370 रुपये से महंगे आते हैं, जिन्हें हम इस्तेमाल करके फेंक देते हैं। अपनी ज़बान संभालकर बात किया कर, तू औरतों के बारे में बात कर रहा है।’ पूनम पांडे के अलावा रश्मि देसाई और कुशा कपिला जैसी कई बड़ी अभिनेत्रियों ने भी इसे महिलाओं का घोर अपमान बताया।

नौकरी गई और मांगनी पड़ी माफी

विवाद इतना बढ़ गया कि गुरुग्राम की एक कंपनी ने आरोपी हिमांशु जांगड़ा को नौकरी से निकाल दिया गया। गुस्साए लोगों को देखकर हिमांशु और प्रणीत मोरे दोनों ने माफी मांगी और डर के मारे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट भी बंद कर दिए। कॉमेडियन प्रणीत मोरे ने कहा कि उस समय उनसे बड़ी चूक हुई कि उन्होंने उस गंदे कमेंट को नहीं रोका।

इस बिरयानी विवाद के बीच ही कॉमेडियन प्रणीत मोरे के शो का एक और पुराना वीडियो वायरल हो गया। इस वीडियो में मुंबई के केईएम (KEM) अस्पताल की मेडिकल छात्रा और सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर सेजल पवार नजर आ रही हैं।

वीडियो में क्या था?

वीडियो में सेजल हंसते हुए बता रही थीं कि कॉलेज में पढ़ाई और रिसर्च के लिए जो पुरुषों के डेड बॉडी दान में मिलते हैं, वे और उनके साथी छात्र उन शवों के प्राइवेट पार्ट्स को देखकर उनका मजाक उड़ाते थे और उनके साइज पर बातें करते थे।

सेजल पवार ने मांगी माफी

शवों का इस तरह मजाक उड़ाने पर लोग सेजल से बेहद नाराज हो गए। डॉक्टर जैसी गंभीर पढ़ाई करने वाले छात्र से ऐसी उम्मीद किसी को नहीं थी। विवाद बढ़ने के बाद सेजल पवार ने इंटरनेट पर एक लंबा नोट लिखकर माफी मांगी।

सेजल ने लिखा- वीडियो को दोबारा देखने के बाद मुझे अपनी गलती का अहसास हुआ है। मेरी बातों से लोगों को दुख पहुंचा है। मेरा मकसद किसी का अपमान करना नहीं था, लेकिन मैं अपनी गलती की पूरी जिम्मेदारी लेती हूं। मैं दिल से माफी मांगती हूं और भरोसा देती हूं कि आगे से ऐसी गलती कभी नहीं होगी।’

फिलहाल, इन दोनों मामलों ने सोशल मीडिया पर कॉमेडी और मनोरंजन के नाम पर फैलाई जा रही गंदगी पर एक बड़ी बहस छेड़ दी है। महिला आयोग की एंट्री के बाद अब दोनों लड़कों पर कानूनी गाज गिरना तय है।

Read more:- Meerut News: रील्स के लिए बेटे को सिगरेट पिलाता है पिता, मां ने लगाए गंभीर आरोप

More From Author

Meerut News

Meerut News: रील्स के लिए बेटे को सिगरेट पिलाता है पिता, मां ने लगाए गंभीर आरोप