Jewar Airport: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य की परिवहन व्यवस्था को और मजबूत तथा पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को अपने सरकारी आवास से 45 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही उन्होंने नोएडा इलेक्ट्रिक बस डिपो का भी विधिवत शुभारंभ किया।
इन नई आधुनिक बसों के चलने से गौतमबुद्ध नगर, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र से जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए लोकल कनेक्टिविटी काफी मजबूत हो जाएगी। कुल 45 बसों में से 11 इलेक्ट्रिक बसें लखनऊ में और 34 बसें नोएडा में चलाई जाएंगी। पहले चरण के तहत करीब 30 से 35 बसें सड़कों पर उतारी जा रही हैं। सरकार का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को प्रदूषण मुक्त, सुरक्षित और सुगम सार्वजनिक परिवहन सेवा देना है। इस खास मौके पर मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ और परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नए भारत के नए उत्तर प्रदेश में अब हर तरफ बड़ा बदलाव साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने साल 2017 से पहले की स्थिति की याद दिलाते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में टूटी सड़कें, खराब कानून व्यवस्था और अराजकता का माहौल था, जिससे नागरिकों के सामने पहचान का संकट खड़ा हो गया था। उस दौर में उत्तर प्रदेश में निवेश की बात करना केवल एक सपने जैसा था। लेकिन साल 2017 के बाद आज का उत्तर प्रदेश अपनी बेहतरीन वर्ल्ड क्लास रोड और एयर कनेक्टिविटी के लिए पूरे देश में जाना जाता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि डबल इंजन की सरकार के प्रयासों से आज उत्तर प्रदेश के पास 4 लाख किलोमीटर का विशाल रोड नेटवर्क तैयार है। उन्होंने अयोध्या का उदाहरण देते हुए कहा कि पौराणिक काल में भगवान श्रीराम पुष्पक विमान से अयोध्या आए थे, लेकिन उसके बाद सदियों तक वहां के निवासियों को वायुसेवा नहीं मिल सकी। आजादी के बाद भी लंबे समय तक अयोध्या की उपेक्षा की गई, लेकिन आज वहां महर्षि वाल्मीकि के नाम पर एक शानदार इंटरनेशनल एयरपोर्ट पूरी तरह संचालित हो रहा है।
अब सरकार का पूरा ध्यान प्रदेश को शोर और धुएं से मुक्ति दिलाकर हरित परिवहन की ओर ले जाने पर है। नोएडा में नए बस डिपो के चालू होने से बसों के रखरखाव और संचालन में मदद मिलेगी, जिससे जेवर एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों का सफर बेहद आसान और आरामदायक हो जाएगा।
Read more:- Meerut News: रील्स के लिए बेटे को सिगरेट पिलाता है पिता, मां ने लगाए गंभीर आरोप

