Meerut News

Meerut News: रील्स के लिए बेटे को सिगरेट पिलाता है पिता, मां ने लगाए गंभीर आरोप

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने पूर्व पति पर आरोप लगाया है कि वह उनके 8 वर्षीय बेटे को सिगरेट पिलाकर उसकी वीडियो बनाता है और उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल करता है। पीड़ित महिला ने पुलिस से शिकायत कर बेटे की सुरक्षा और कस्टडी की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, लक्खीपुरा निवासी गजाला का निकाह 22 सितंबर 2014 को श्याम नगर निवासी कलीम के साथ हुआ था। विवाह के बाद उनके तीन बच्चे हुए, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। महिला का आरोप है कि पति की गलत आदतों और कथित अवैध संबंधों के चलते दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसके बाद 21 जनवरी 2026 को दोनों के बीच न्यायालय के बाहर समझौते के आधार पर तलाक हो गया।

समझौते के तहत दोनों बेटियां मां के पास रहने लगीं, जबकि 8 वर्षीय बेटा अब्दुल आहद पिता कलीम के पास रहने लगा। समझौते में यह भी तय किया गया था कि मां को जब चाहे अपने बेटे से मिलने की अनुमति होगी।

बेटे को नशे की लत लगाने का आरोप

गजाला का आरोप है कि उसका पूर्व पति बच्चे को सिगरेट पिलाता है, उससे गलत काम करवाता है और उसकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करता है। महिला का दावा है कि उसके पास इस संबंध में वीडियो सबूत भी मौजूद हैं, जिसमें कथित तौर पर पिता बच्चे को सिगरेट पिलाता दिखाई दे रहा है।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसका पूर्व पति पहले भी गांजा मामले में जेल जा चुका है और अब वह बेटे का भविष्य बर्बाद कर रहा है। महिला का कहना है कि बच्चे की पढ़ाई-लिखाई और देखभाल पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है तथा उसे कई बार भूखा-प्यासा रखा जाता है।

शिकायत करने पर मारपीट और धमकी का आरोप

महिला के अनुसार, जब उसे बेटे के साथ हो रही कथित घटनाओं की जानकारी मिली तो वह 8 जून 2026 को बेटे का हालचाल जानने और पूर्व पति से बातचीत करने गई। आरोप है कि रास्ते में कलीम, उसकी मां सन्नो और हारुन ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया, मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। शोर मचाने पर आसपास के लोगों की मदद से वह वहां से बच निकली।

थाने के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए गजाला ने कहा कि वह अपने बेटे को सुरक्षित वातावरण देना चाहती है और उसे अपने पास रखना चाहती है। उसने आरोप लगाया कि उसके बेटे को गलत संगत में रखा जा रहा है और उसकी परवरिश पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।

पुलिस ने शुरू की जांच

लिसाड़ी गेट थाना प्रभारी दलवीर सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत प्राप्त हो गई है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों, सोशल मीडिया पर वायरल कथित वीडियो और अन्य तथ्यों की गहन जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, महिला पहले भी अपने पूर्व पति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करा चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि बच्चे की सुरक्षा और संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है तथा जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और वायरल वीडियो की सत्यता की भी पड़ताल की जा रही है।

Read more:- Paschim Vihar में जिम के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, गैंगस्टर अनिल पंडित ने ली जिम्मेदारी

More From Author

Paschim Vihar gym firing case

Paschim Vihar में जिम के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, गैंगस्टर अनिल पंडित ने ली जिम्मेदारी