Khan Sir Controversy: बिहार के पटना की मशहूर कोचिंग संस्था ‘ज्ञान बिंदु एकेडमी’ के डायरेक्टर रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। उनका शव नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल के कमरे से बरामद किया गया है। प्रिंस यादव पिछले कुछ दिनों से पटना पुलिस की गिरफ्तारी के डर से नेपाल में छिपा हुआ था। इस घटना की सूचना मिलते ही सहरसा जिले में स्थित उनके पैतृक गांव धमसैना में मातम पसर गया है।
खान सर की कोचिंग से जुड़ा था विवाद
हाल ही में पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र में स्थित फैसल खान उर्फ ‘खान सर’ की कोचिंग संस्थान ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ में भारी तोड़फोड़, पथराव और कथित तौर पर फायरिंग की घटना हुई थी। खान सर की कोचिंग का मैनेजमेंट देखने वाले कन्हैया ने इस मामले में ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद और उनके भाई प्रिंस यादव समेत अन्य के खिलाफ नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई थी।
इस मामले में कार्रवाई करते हुए पटना पुलिस ने रौशन आनंद को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जो फिलहाल बेऊर जेल में बंद हैं। वहीं, प्रिंस यादव घटना के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था और उसने नेपाल में शरण ले रखी थी।
5 लोगों को लिया हिरासत में
होटल में शव मिलने के बाद नेपाल पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती तौर पर मौत के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नेपाल पुलिस ने होटल और आसपास से 5 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है।
मामले में ‘खान सर’ पर भी दर्ज हुई थी FIR
इस पूरे विवाद में नया मोड़ तब आया था जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने खान ग्लोबल स्टडीज के दो सुरक्षा गार्डों को गोली चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया था। गार्डों के बयान के आधार पर ‘खान सर’ को भी मामले में आरोपी बनाया गया था। इसके बाद खान सर ने कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था, जहाँ से उन्हें अंतरिम राहत देते हुए रिहा कर दिया गया। हालांकि, पहले खान सर ने गोली चलने की बात कही थी, लेकिन बाद में वे अपने बयान से पलट गए थे।
जांच के बाद साफ होगी स्थिति
प्रिंस यादव ज्ञान बिंदु एकेडमी के संचालन और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को देखते थे। उनकी इस तरह अचानक हुई मौत से पटना से लेकर नेपाल तक हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के बाद ही मौत की असली वजह (हत्या या आत्महत्या) साफ हो पाएगी।
Read more:- यूट्यूबर Khan Sir को कोर्ट से बड़ी राहत, गिरफ्तारी पर लगा स्टे

