Rinku Singh : भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। रिंकू के पिता खानचंद सिंह (58) का शुक्रवार तड़के लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे लिवर कैंसर से जूझ रहे थे और पिछले कुछ दिनों से ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे।
अंतिम समय में रिंकू थे टीम के साथ
टी20 विश्वकप के दौरान रिंकू को पिता की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलने पर टीम का प्रैक्टिस सेशन छोड़कर घर लौटना पड़ा था। हालांकि, 26 फरवरी को वह जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच से पहले फिर टीम के साथ चेन्नई में शामिल हो गए थे।
ग्रेटर नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल के प्रवक्ता डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह लिवर कैंसर से जूझ रहे थे। हाल में उनकी तबीयत काफी बिगड़ गई थी, जिसके बाद 21 फरवरी से वह अस्पताल में ही भर्ती थे। उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली वेंटिलेटर पर रखा गया था और आज तड़के उन्होंने अंतिम सांस ली।
संघर्षों से भरा रहा जीवन
रिंकू सिंह को आज जिस मुकाम पर पूरी दुनिया देख रही है, उसके पीछे उनके पिता का कड़ा संघर्ष रहा है। मूल रूप से बुलंदशहर के रहने वाले खानचंद सिंह करीब 25 साल पहले रोजगार की तलाश में अलीगढ़ आए थे। उन्होंने सालों तक गैस सिलेंडर ढोने का काम किया ताकि अपने बच्चों को पढ़ा सकें और रिंकू के क्रिकेटर बनने के सपने को पूरा कर सकें।
शादी की खुशियां गम में बदलीं
रिंकू के घर में इन दिनों शादी की तैयारियाँ चल रही थीं। रिंकू और प्रिया सरोज की शादी इसी साल जून में होनी तय हुई थी। पिछले साल जून में ही दोनों की सगाई हुई थी, लेकिन पिता के निधन के बाद अब शादी की तारीख आगे बढ़ाई जा सकती है।
खेल जगत में शोक की लहर
रिंकू के पूर्व कोच मसूद अमिनी और क्रिकेट जगत के कई दिग्गजों ने खानचंद सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। रिंकू के पिता का पार्थिव शरीर अलीगढ़ स्थित उनके आवास पर पहुँच चुका है, जहाँ बड़ी संख्या में शुभचिंतक और रिश्तेदार उन्हें अंतिम विदाई देने पहुँच रहे हैं। उनका अंतिम संस्कार अलीगढ़ में ही किया जाएगा।
Read more:- NCERT : NCERT की कक्षा 8 की किताब पर सुप्रीम कोर्ट का ‘ब्लैंकेट बैन’

