Dunki Case: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भारत से युवाओं को अवैध तरीके से अमेरिका भेजने वाले ‘डंकी रूट’ मामले में बड़ी कार्रवाई की है। जिसमें शुक्रवार को ईडी ने दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में एक दर्जन से ज्यादा जगहों पर छापेमारी की। जहाँ से 4 करोड़ 62 लाख रुपये नकद, 313 किलो चांदी और 6 किलो सोने के बिस्किट मिले हैं।जब्त की गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 19 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
दिल्ली के ट्रैवल एजेंट पर छापे
ईडी ने दिल्ली के एक ट्रैवल एजेंट के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी के साथ सोना और चांदी बरामद की गई। इसके अलावा, अधिकारियों को मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से आपत्तिजनक चैट और दस्तावेज भी मिले हैं।

लोगों को अवैध रास्तों से अमेरिका भेजने का आरोप
जांच में सामने आया है कि आरोपी एजेंट लोगों को कानूनी तरीके से अमेरिका भेजने का झांसा देते थे। इसके बदले उनसे लाखों रुपये वसूलता था। बाद में उन्हें दक्षिण अमेरिकी देशों के रास्ते खतरनाक सफर कराकर गलत तरीके से अमेरिका में घुसने के लिए मजबूर किया जाता था।
ईडी के अनुसार, कई मामलों में एजेंट लोगों की जमीन और मकान के कागज अपने पास रख लेते थे, ताकि उनकी कमीशन की रकम सुरक्षित रहे।

अमेरिका से भारतीयों की वापसी के बाद तेज हुई जांच
फरवरी 2025 में अमेरिका ने सैन्य विमानों के जरिए 330 भारतीय नागरिकों को भारत वापस भेजा। इसके बाद पंजाब और हरियाणा में कई एफआईआर दर्ज की गईं, जिनके आधार पर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की।
‘डंकी रूट’ क्या है?
‘डंकी रूट’ वह अवैध तरीका है, जिसमें लोग कई देशों से होते हुए खतरनाक रास्तों से चोरी-छिपे किसी देश में प्रवेश करते हैं। ईडी की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं।


