Amul expiry date products

Amul expiry date products: सावधान! ब्रांड देखकर न खरीदें सामान, जयपुर में अमूल के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा

Amul expiry date products: अगर आप भी सिर्फ ‘अमूल’ का ब्रांड देखकर सामान खरीद लेते हैं, तो सावधान हो जाइए। राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक्सपायरी डेट निकल चुके अमूल के उत्पादों को नई तारीख डालकर बाजार में बेचने का एक बड़ा रैकेट पकड़ा गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए करीब डेढ़ लाख किलोग्राम खराब सामान नष्ट करवाया।

कैसे खुला मामला

यह मामला तब सामने आया जब किसी सतर्क नागरिक ने राजस्थान सरकार की हेल्पलाइन 181 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि जयपुर के खो नागोरियान इलाके में ‘मैसर्स एथलीट डिस्ट्रीब्यूटर’ नामक फर्म एक्सपायरी माल के साथ हेराफेरी कर रही है। जब टीम ने वहां छापा मारा, तो अधिकारी दंग रह गए।

कहाँ से सीखा ये तरीका

जांच में सामने आया कि फर्म का मालिक गगन आहूजा बड़ी कंपनियों से एक्सपायरी होने वाला माल बहुत कम दाम में खरीदता था। पूछताछ में उसने कुबूल किया कि उसने यूट्यूब से सीखा कि कैसे थिनर और एसीटोन जैसे केमिकल की मदद से पुरानी तारीख मिटाकर नई तारीख प्रिंट की जाती है।

क्या-क्या बरामद हुआ

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गोदाम का निरीक्षण किया और भारी मात्रा में अमूल ब्रांड के नूडल्स, केचअप, म्योनीज, एनर्जी ड्रिंक समेत अन्य नॉन-डेयरी उत्पाद बरामद किए। कुल करीब 12 हजार कार्टन एक्सपायरी डेट वाले मिले, जिनमें से लगभग 3 हजार कार्टन की तारीख पहले ही मिटा दी गई थी। मौके पर डेट बदलने के लिए थिनर, एसीटोन और अन्य केमिकल भी पाए गए।

सामान 27 ट्रकों में कचराघर भेजा गया

चूंकि यह सामान सेहत के लिए बेहद खतरनाक था, विभाग ने चार दिन तक लगातार कार्रवाई की। कुल 27 ट्रकों में भरकर यह डेढ़ लाख किलोग्राम एक्सपायरी उत्पाद शहर के बाहर कचराघर में नष्ट किया गया। इस कार्रवाई का खर्च आरोपी फर्म से वसूल किया गया।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि विभाग आमजन को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्रवाई कर रहा है।

Read more:- CBSE Maths Paper का QR कोड स्कैन करते ही बजने लगा गाना, सीबीएसई ने दी सफाई

More From Author

UP news

UP News: बेटी को स्ट्रेचर पर दो किमी खींचकर एक्स-रे कराने ले गया पिता

iNSTAGRAM down

सुबह से Instagram Down, हजारों यूजर्स हुए परेशान