Narmadapuram Barat Accident: मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यह हादसा रविवार देर रात करीब 2 बजे एक कार और ट्रैक्टर की टक्कर से हुआ, जिसमें पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस अधिकारी ने सोमवार को दी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना माखननगर थाना क्षेत्र के आंचलखेड़ा के पास हुई। बताया जा रहा है कि टवेरा वाहन में सवार बाराती कार्यक्रम में शामिल होकर बुधनी से लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। मृतकों की पहचान साहिल यादव (19), हरि सिंह यादव (57), विनीत यादव (22), शुभम मोरप्पा (18) और संतोष प्रजापति (45) के रूप में हुई है। सभी मृतक महेन्द्रबाड़ी के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार,इस घटना में टवेरा कार सोयाबीन से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। ट्रॉली में अनाज भरा होने के कारण उसका वजन अधिक था, जिससे टक्कर का असर बेहद गंभीर रहा। हादसे में कार सवारों को संभलने का मौका नहीं मिला और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि क्रॉसिंग के दौरान टवेरा कार का संतुलन बिगड़ गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
फिलहाल घायलों का इलाज नजदीकी अस्पताल में जारी है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रशासन द्वारा बेहतर इलाज की व्यवस्था की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
Read more:- Inderlok Metro station के महिला टॉयलेट में मिला पुरुष का शव, इलाके में सनसनी

