Ganga Expressway Route

पीएम मोदी आज करेंगे Ganga Expressway का लोकार्पण, मेरठ से प्रयागराज का सफर अब होगा सिर्फ 6 घंटे में तय

Ganga Expressway : उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में से एक, गंगा एक्सप्रेसवे पूरी तरह तैयार हो चुका है, जिसका उद्घाटन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करने जा रहे हैं। हरदोई के मल्लावां में आयोजित एक भव्य समारोह में सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री करीब 36,230 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस महत्वाकांक्षी परियोजना को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

यह एक्सप्रेसवे न केवल पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश की दूरी को कम करेगा, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए ‘ग्रोथ इंजन’ भी साबित होगा।

12 जिले और 519 गांवों को सीधा लाभ

लगभग 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे मेरठ से शुरू होकर प्रयागराज तक जाएगा। यह मार्ग मुख्य रूप से 12 जिलों मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज से होकर गुजरेगा। इस परियोजना से 519 से अधिक गांवों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे क्षेत्रीय विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

यात्रियों की सुरक्षा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए UPEIDA ने पुख्ता इंतजाम किए हैं:

  • CCTV नेटवर्क: मेरठ के बिजौली से लेकर प्रयागराज के सोरांव तक, एक्सप्रेसवे पर हर एक किलोमीटर की दूरी पर हाई-क्वालिटी सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
  • स्पीड कंट्रोल: एक्सप्रेसवे का संचालन देख रही कंपनी अडाणी इंटरप्राइजेस के अनुसार, तय सीमा से अधिक रफ्तार पर चलने वालों का तुरंत ऑनलाइन चालान कटेगा।
  • इंटरचेंज और टोल: पूरे रूट पर कुल 21 इंटरचेंज, 2 मुख्य टोल प्लाजा, 2 अतिरिक्त मुख्य टोल प्लाजा और 19 रैम्प टोल प्लाजा बनाए गए हैं।

दिल्ली-NCR के लिए आसान होगी राह

दिल्ली और नोएडा से प्रयागराज जाने वाले यात्रियों के लिए अब सफर बेहद आसान हो जाएगा। दिल्ली से मेरठ के बिजौली स्थित जीरो पॉइंट की दूरी लगभग 90 किमी है, जिसे करीब 1.5 घंटे में तय किया जा सकता है। नोएडा सेक्टर-62 के रास्ते दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे का उपयोग कर यात्री आसानी से गंगा एक्सप्रेसवे पर चढ़ सकेंगे।

‘ब्रॉडबैंड हाईवे’ और औद्योगिक गलियारा

इस एक्सप्रेसवे की एक और बड़ी खासियत इसका 2 मीटर चौड़ा यूटिलिटी कॉरिडोर है। सड़क के किनारे ऑप्टिकल फाइबर और गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए पहले ही कॉरिडोर बना दिया गया है, ताकि भविष्य में सड़क खोदने की जरूरत न पड़े। यह ‘डार्क फाइबर’ यूपी के पिछड़े जिलों के 519 गांवों को हाई-स्पीड 5G कनेक्टिविटी से जोड़कर डिजिटल क्रांति लाएगा। साथ ही, एक्सप्रेसवे के किनारे 12 औद्योगिक गलियारे भी विकसित किए जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री के उद्घाटन के बाद, आज आधी रात से एक्सप्रेसवे को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। उद्घाटन समारोह को लेकर उन्नाव, हरदोई और मेरठ में भारी उत्साह देखा जा रहा है। उन्नाव से ही लगभग 20 हजार लोगों के कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है, जिसके लिए सैकड़ों बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया है।

Read more:- Ganga Expressway Route: 29 अप्रैल को पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन, जानिए इसकी खासियतें

More From Author

Noida Cyber Scam

Noida Cyber Scam: ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर 84 वर्षीय बुजुर्ग से ₹85 लाख की ठगी

Green Avenue Society

गाजियाबाद की Gaur Green Avenue Society में भीषण आग, तीन मंजिलों तक फैली लपटें