Mumbai Mira Road के नयानगर इलाके में दो सिक्योरिटी गार्ड्स पर हुए जानलेवा हमले की जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस और महाराष्ट्र एटीएस (ATS) की जांच में पता चला है कि आरोपी जैब जुबैर अंसारी कट्टरपंथी विचारधारा से पूरी तरह प्रभावित था और वह आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (ISIS) में शामिल होने की कोशिश कर रहा था।
घर के दरवाजे पर लगा था संदिग्ध स्टिकर
पुलिस जब आरोपी के घर पहुंची तो एंट्री गेट पर कुरान की आयत ‘कुल हू अल्लाह हू अहद’ (सूरा अल-इखलास) का एक स्टिकर मिला। स्टिकर पर साफ लिखा था कि घर के अंदर आने वाले व्यक्ति को पहले ‘बिस्मिल्लाह’ कहना होगा और ‘सलाम’ करना होगा, तभी अंदर आने की अनुमति मिलेगी। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह उसकी सामान्य धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि कट्टरपंथी सोच का हिस्सा था।
‘लोन वोल्फ’ हमले की साजिश
पूछताछ में सामने आया है कि जैब पिछले चार महीनों से डार्क वेब और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए ISIS के संपर्कों तक पहुँचने की कोशिश कर रहा था। जब उसे वहां से कोई जवाब नहीं मिला, तो उसने संगठन का ध्यान खींचने के लिए खुद ही ‘लोन वोल्फ’ (अकेले दम पर हमला करना) हमला करने का फैसला किया।
क्या थी पूरी घटना?
यह घटना 28 अप्रैल 2026 की सुबह हुई थी। जैब अंसारी ने एक निर्माणाधीन इमारत के दो गार्ड्स से पहले उनका धर्म पूछा और उन्हें कलमा पढ़ने को कहा। गार्ड्स के इनकार करने पर उसने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटना के 90 मिनट के भीतर ही उसे गिरफ्तार कर लिया था।
अमेरिका से पढ़ा-लिखा है आरोपी
31 वर्षीय आरोपी जैब अंसारी के बैकग्राउंड की भी जांच की गई है। मूल रूप से मुंबई के कुर्ला का रहने वाला जैब साल 2000 में अपने परिवार के साथ अमेरिका शिफ्ट हो गया था, जहाँ उसके पिता केंटकी शहर में टैक्सी चलाने का काम करते हैं। जैब ने अमेरिका में ही अपनी उच्च शिक्षा पूरी की और बैचलर ऑफ साइंस (B.Sc) की डिग्री हासिल की। करियर की बात करें तो उसने अमेरिका के एक स्कूल में करीब पांच साल तक बतौर टेनिस इंस्ट्रक्टर काम किया।
साल 2019 में भारत लौटने के बाद उसने मीरा रोड इलाके में बच्चों को मैथ्स और केमिस्ट्री पढ़ाना शुरू किया था। उसकी निजी जिंदगी में भी काफी उतार-चढ़ाव रहे,साल 2023 में उसने एक अमेरिकी नागरिक से शादी की थी, जिसके पिता अमेरिकी सेना में सेवा दे चुके थे। हालांकि, जैब के बेहद गुस्सैल स्वभाव और बर्ताव के कारण यह शादी सफल नहीं रही। मई 2025 में दोनों अलग हो गए और आखिरकार मई 2026 में उनका तलाक फाइनल हो गया।
जांच का दायरा बढ़ा
महाराष्ट्र एटीएस को आरोपी के घर से कुछ संदिग्ध नोट्स और डिजिटल सबूत मिले हैं। एजेंसियां अब उसके विदेश दौरों (जैसे 2022 की यूके यात्रा) और उसके ऑनलाइन संपर्कों की गहराई से पड़ताल कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या वह किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं था।
Read more:- Mumbai Mira Road कलमा न पढ़ने पर गार्ड्स पर हमला,संदिग्ध हमलावर के घर से मिले ISIS से जुड़े दस्तावेज

