Bargi Dam Cruise Tragedy: मध्य प्रदेश के जबलपुर में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जहां अचानक आए आंधी-तूफान के चलते एक क्रूज पलट गया। यह हादसा बरगी डैम में खबरिया टापू के पास हुआ। बरगी बांध जबलपुर जिले में नर्मदा नदी पर बना है। इस दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई है। अब तक चार शव बरामद किए गए हैं, जबकि 16 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। वहीं कुछ पर्यटक अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि क्रूज में कुल करीब 31 लोग सवार थे।
फिलहाल तलाशी और बचाव अभियान जारी है। मौसम विभाग ने एक दिन पहले ही आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया था और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद बड़ी लापरवाही सामने आई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, क्रूज डैम के लगभग 20 मीटर गहरे पानी में फंसा हुआ है, जिसके चलते रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
कैसे हुई यह दुर्घटना?
यह हादसा शाम करीब 5:30 बजे हुआ, जब सैलानी क्रूज पर सवार थे। तभी अचानक मौसम खराब हो गया। उस समय किसी भी पर्यटक ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी। जब क्रूज में पानी भरने लगा, तब जल्दबाजी में यात्रियों को लाइफ जैकेट दी गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई और क्रूज पलट गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने पायलट को आवाज देकर रोकने की कोशिश भी की, लेकिन पायलट ने उनकी बात नहीं मानी। अगर समय रहते चेतावनी पर ध्यान दिया जाता, तो संभवतः यह बड़ा हादसा टल सकता था।
मुख्यमंत्री मोहन यादव का बयान
इस हादसे के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जबलपुर में तेज आंधी-तूफान के कारण बरगी डैम में हुए इस दुखद हादसे को लेकर स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीम लगातार काम कर रही है। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, संभाग प्रभारी एसीएस, एडीजी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि त्वरित बचाव कार्य के चलते कई लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और जो लोग लापता हैं, उनकी तलाश जारी है। राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
मंत्री धर्मेंद्र लोधी का बयान
मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यह बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली घटना है। उन्होंने कहा कि बचाव अभियान गुरुवार शाम से ही जारी है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।उन्होंने यह भी कहा कि अब तक कई शव बरामद किए जा चुके हैं। इस हादसे के कारणों की गहन जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Read more:- गाजियाबाद की Gaur Green Avenue Society में भीषण आग, तीन मंजिलों तक फैली लपटें

