Bareilly video

Bareilly video: बरेली में आंधी का कहर, टीनशेड के साथ हवा में उड़ा युवक,वीडियो वायरल

Bareilly video: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। बुधवार शाम यूपी के कई जिलों में भीषण आंधी और तूफान देखने को मिला। आंधी इतनी तेज थी कि सड़क किनारे खड़े बड़े-बड़े पेड़ ताश के पत्तों की तरह उखड़ गए। इसी बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक टीनशेड के साथ हवा में उड़ता नजर आ रहा है। हालांकि, हम इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करते हैं।

टीनशेड पकड़कर बचने की कोशिश पड़ी भारी

यह घटना बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र के बमियाना गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, नन्हे मियां नाम का युवक तूफान से बचने के लिए एक बारातघर के पास खड़ा था। तूफान तेज होता देख उसने टीनशेड को पकड़कर संभालने की कोशिश की, लेकिन हवा का वेग इतना तेज था कि पूरा टीनशेड उखड़ गया और युवक भी उसके साथ कई फीट ऊपर हवा में लटक गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि तेज हवा टीनशेड को उड़ाकर ले जाती है और युवक भी उसके साथ हवा में लटकता नजर आता है।

वायरल वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स भी जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, ‘क्या वह इतना हल्का था, अलग ही लेवल का बंदा था।’ वहीं दूसरे यूजर ने लिखा,’अब तो मैं बाहर नहीं निकलूंगा, मेरे जैसे लोगों के लिए यह बहुत खतरनाक है।’ एक अन्य यूजर ने मजाकिया अंदाज में उसे ’22वीं सदी का सुपरमैन’बताया।

बताया जा रहा है कि तूफान धीमा होने के बाद कुछ दूरी पर टीनशेड नीचे गिर गया, जिससे युवक संतुलन बिगड़ने के कारण जमीन पर आ गिरा। हादसे में नन्हे मियां के हाथ-पैर टूट गए और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह घटना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।

पूरे प्रदेश में तबाही का मंजर

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आंधी-तूफान, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से भारी जान-माल का नुकसान हुआ है। प्रयागराज, भदोही, फतेहपुर, सोनभद्र समेत कई जिलों में अब तक करीब 70 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। तेज तूफान के चलते सैकड़ों पेड़, बिजली के खंभे और दीवारें गिर गईं। इंसानों के साथ-साथ बड़ी संख्या में मवेशियों के मारे जाने की भी सूचना है।

24 घंटे में मुआवजे का निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस आपदा का संज्ञान लेते हुए प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आदेश दिया है कि प्रभावित लोगों को 24 घंटे के भीतर सहायता राशि और मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। सभी जिलाधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी करने और घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से हर जिले की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। मौसम विभाग ने अभी भी कई इलाकों में खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

यह भी पढ़ें:- क्या अलग हो रहे हैं Mouni-Suraj? इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को किया अनफॉलो

More From Author

Delhi Gangrape Case

Delhi Gangrape Case: चलती प्राइवेट बस में महिला से गैंगरेप, ड्राइवर और कंडक्टर गिरफ्तार

Milk Price Hike

Milk Price Hike: अमूल और मदर डेयरी ने बढ़ाए दूध के दाम, देशभर में नई कीमतें लागू