Rajdhani Express

Rajdhani Express के 2 डिब्बों में लगी भीषण आग, दिल्ली-मुंबई रूट ठप

Rajdhani Express fire: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में रविवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया। त्रिवेंद्रम (तिरुवनंतपुरम) से दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन जा रही गाड़ी संख्या 12431 राजधानी एक्सप्रेस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रेन के दो डिब्बे थर्ड एसी कोच B-1 और पैंट्री कार/एसएलआर आग की लपटों में घिर गए।

हालांकि, ट्रेन मैनेजर, गार्ड और आरपीएफ स्टाफ की सूझबूझ और मुस्तैदी के चलते समय रहते सभी 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस वजह से एक बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई।

कब हुआ हादसा?

यह हादसा रविवार सुबह करीब 5:15 बजे नागदा-कोटा रेलखंड पर लूणी रीछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशनों के बीच (किलोमीटर 729/02) पर हुआ। ट्रेन दिल्ली की ओर जा रही थी और अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। तभी अचानक एसी कोच B-1 में एसएलआर के पास से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं।

कुछ ही सेकंड में कोच के भीतर घना धुआं भर गया और ट्रेन के सेफ्टी हूटर बजने लगे। धुआं देखकर नींद से जागे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। आसमान में उठती आग की लपटों को देखकर आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी हड़कंप मच गया।

सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

संकट की इस घड़ी में रेलवे स्टाफ ने तत्परता दिखाई। B-1 कोच से आग की लपटें उठती देख गार्ड ने तुरंत वायरलेस के जरिए लोको पायलट (ड्राइवर) को सूचना दी। इसके बाद लोको पायलट ने बिना देर किए इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को ट्रैक पर ही रोक दिया।

ट्रेन में मौजूद आरपीएफ जवानों और अन्य रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया। करीब 15 मिनट के भीतर पूरे कोच को खाली करा लिया गया।

आग को पूरी ट्रेन में फैलने से रोकने के लिए प्रभावित B-1 कोच और पैंट्री कार को मुख्य ट्रेन से अलग कर दिया गया। साथ ही, हादसे वाली जगह पर ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) की बिजली सप्लाई भी बंद कर दी गई।

शुरुआती जांच में क्या सामने आया?

कोटा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) के मुताबिक, शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, मामले की विस्तृत तकनीकी जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

रेल मार्ग पूरी तरह प्रभावित

इस हादसे के कारण देश के सबसे व्यस्त दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया। रतलाम और कोटा कंट्रोल रूम को सुबह 5:20 बजे सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया। रतलाम से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (ART), टावर वैगन और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।

सुरक्षा के मद्देनजर इस रूट से गुजरने वाली कई ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा। मुंबई-जयपुर सुपरफास्ट (12955) समेत कई प्रमुख ट्रेनें प्रभावित हुईं।

यात्रियों के लिए किए गए विशेष इंतजाम

पश्चिम मध्य रेलवे के सीपीआरओ हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को कोई चोट नहीं आई है। प्रभावित यात्रियों को ट्रैक के किनारे सुरक्षित स्थान पर लाकर रेलवे की ओर से जलपान, भोजन और प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई गई।

फिलहाल यात्रियों को ट्रेन के अन्य कोचों में समायोजित किया गया है और ट्रेन कोटा तक जाएगी। कोटा स्टेशन पर अतिरिक्त कोच जोड़े जाएंगे, जिसके बाद यात्री अपनी निर्धारित बर्थ पर आगे का सफर पूरा कर सकेंगे।

Read more:- 2027 से सिर्फ Electric Three Wheelers चलेंगे, नए CNG और डीजल ऑटो का रजिस्ट्रेशन होगा बंद

More From Author

Electric Three Wheelers

2027 से सिर्फ Electric Three Wheelers चलेंगे, नए CNG और डीजल ऑटो का रजिस्ट्रेशन होगा बंद

CNG Price Hike

CNG Price Hike: दिल्ली-एनसीआर में CNG फिर महंगी, 48 घंटे में दूसरी बार बढ़े दाम