Rishikesh Train Accident: उत्तराखंड के योगनगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पर सोमवार रात बड़ा ट्रेन हादसा हो गया। गाड़ी संख्या 14317 ‘उज्जैनी एक्सप्रेस’ शंटिंग के दौरान अचानक बेकाबू हो गई और दीवार तोड़ते हुए पटरी से उतर गई। हादसा इतना गंभीर था कि ट्रेन के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए, जबकि एक बोगी पलटकर ट्रैक से करीब 20 फीट बाहर लटक गई।
राहत की बात यह रही कि हादसे के समय ट्रेन खाली थी, इसलिए किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।
कैसे हुआ हादसा?
यह घटना सोमवार रात करीब 9:23 बजे खांड गांव के पास स्टेशन यार्ड में हुई। ट्रेन को मंगलवार सुबह 6 बजे रवाना होना था, जिसके लिए रात में शंटिंग की जा रही थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि रूटीन मेंटेनेंस के दौरान ट्रेन का ब्रेक सिस्टम फेल हो गया, जिससे इंजन और कोच बेकाबू हो गए।
घटना के समय ट्रेन में केवल लोको पायलट मौजूद था। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद करीब ढाई घंटे तक रेलवे का कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। बाद में जीआरपी और आरपीएफ की टीमों ने पहुंचकर स्थिति संभाली और भीड़ को हटाया।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस हादसे से अन्य ट्रेनों के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा है। क्षतिग्रस्त बोगियों को हटाने का काम जारी है। पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
लगातार हादसों से रेलवे सुरक्षा पर सवाल
ऋषिकेश का यह हादसा हाल के दिनों में सामने आई कई रेल दुर्घटनाओं की कड़ी में एक और मामला है। पिछले कुछ दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में ट्रेन हादसों और आग लगने की घटनाओं ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सोमवार को ही बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर पटना जाने वाली एक पैसेंजर ट्रेन में आग लग गई थी। हालांकि समय रहते यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई घायल नहीं हुआ।
इसके अलावा 17 मई को त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के बी-1 एसी कोच में मध्य प्रदेश के आलोट और लूणीरिच्छा स्टेशनों के बीच आग लग गई थी। ट्रेन में धुआं भरने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन रेलवे कर्मचारियों और दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया।
वहीं 15 मई को हैदराबाद के नामपल्ली रेलवे स्टेशन पर खड़ी हैदराबाद-जयपुर एक्सप्रेस के दो खाली एसी कोचों B1 और B2 में भी आग लग गई थी। उस समय कोच खाली होने के कारण बड़ा हादसा टल गया।
लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद रेलवे की सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
Read more:- Rajdhani Express के 2 डिब्बों में लगी भीषण आग, दिल्ली-मुंबई रूट ठप

