Green Drum Case: मेरठ के ब्लू ड्रम कांड की यादें अभी धुंधली भी नहीं हुई थीं कि ठीक वैसी ही एक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। इस बार मामला महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मुंब्रा इलाके से आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। यहाँ एक प्रेमिका ने अपने ही पति, भाई और एक दोस्त के साथ मिलकर अपने प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी।
उत्तर प्रदेश के मेरठ में जिस तरह मुस्कान नाम की महिला ने अपने पति की हत्या कर शव के टुकड़े किए और उन्हें ड्रम में छिपा दिया था, लगभग उसी तरह इस साजिश को अंजाम दिया गया। यहाँ फर्क सिर्फ इतना था कि वारदात को अंजाम देने वाली प्रेमिका थी, जिसने अपने पति और भाई के साथ मिलकर इस खौफनाक साजिश को रचा।
कैसे हुआ मामले का खुलासा?
मृतक की पहचान 26 वर्षीय अरबाज मकसूद अली खान के रूप में हुई है। अरबाज मुंब्रा का रहने वाला था और डोंबिवली की एक रियल एस्टेट कंपनी में इंजीनियर के पद पर काम करता था। 3 अप्रैल को अरबाज अपने घर से यह कहकर निकला था कि वह काम के सिलसिले में दादर जा रहा है, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। जब अरबाज का कोई सुराग नहीं मिला तो पिता ने मुंब्रा पुलिस स्टेशन में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसके बाद जांच में सामने आया कि अरबाज की आखिरी लोकेशन वसई है और अरबाज की गर्लफ्रेंड महजबीन शेख का मोबाइल भी उसी लोकेशन पर एक्टिव था।
शक होने पर मुंब्रा पुलिस ने महजबीन को हिरासत में लिया। शुरुआत में वह पुलिस को भटकाती रही, लेकिन जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और पूरा सच उगल दिया।
पैसे न देने पर पाइप से पीटा, फिर घोंटा गला
पूछताछ में महजबीन ने बताया कि वह अपने पति हसन, भाई तारिक शेख और एक दोस्त मुजम्मल पठान के साथ मिलकर अरबाज से मोटी रकम वसूलना चाहती थी। साजिश के तहत अरबाज को बहाने से वसई बुलाया गया। वहां जब अरबाज ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो चारों आरोपियों ने उसके हाथ बांध दिए और प्लास्टिक के मोटे पाइप से उसे बेरहमी से पीटा। जब वह अधमरा हो गया, तो गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। सबूत मिटाने के लिए आरोपियों ने अरबाज की लाश को एक बड़े हरे रंग के प्लास्टिक ड्रम में बंद किया और मुंब्रा के एक सुनसान नाले में फेंक दिया।
दो आरोपी गिरफ्तार, पति और दोस्त फरार
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी महिला महजबीन शेख और उसके भाई तारिक शेख को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही नाले से शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि, महिला का पति हसन और उसका साथी मुजम्मल पठान अभी भी फरार हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या, साजिश रचने और सबूत मिटाने का मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में जगह-जगह छापेमारी कर रही है।
यह भी पड़ें:- यूपी में Work From Home की नई पॉलिसी,AC का तापमान फिक्स, 2 दिन वर्क फ्रॉम होम!

