Patna-Delhi Bullet Train: दिल्ली से बिहार और पश्चिम बंगाल जाने वाले रेल यात्रियों के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी है। इस रूट पर बुलेट ट्रेन का सपना अब जल्द ही हकीकत में बदलने वाला है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी है कि दिल्ली-लखनऊ-वाराणसी-पटना बुलेट ट्रेन कॉरिडोर पर काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस हाई-स्पीड ट्रेन के शुरू होने के बाद दिल्ली से पटना का सफर, जिसमें अभी कम से कम 12 से 13 घंटे का समय लगता है, वह घटकर मात्र 4 घंटे 41 मिनट का रह जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर इस महत्वाकांक्षी परियोजना को बजट में प्राथमिकता वाले प्लान में रखा गया है।
दिल्ली से सिलीगुड़ी तक जुड़ेगा हाई-स्पीड कॉरिडोर
रेल मंत्री ने बताया कि देश की पहली बुलेट ट्रेन अगले साल मुंबई और अहमदाबाद के बीच पटरियों पर दौड़ने लगेगी। इस पहले प्रोजेक्ट को बनाने में भारतीय इंजीनियरों को जो अनुभव मिला है, उसका पूरा इस्तेमाल अब पटना और सिलीगुड़ी रूट के लिए किया जाएगा। यह पूरा प्रोजेक्ट दो हिस्सों को जोड़कर तैयार होगा, जिसमें पहला दिल्ली-वाराणसी कॉरिडोर और दूसरा वाराणसी-पटना-सिलीगुड़ी कॉरिडोर होगा।
इस ट्रेन के चलने से दिल्ली से वाराणसी का सफर करीब 3 घंटे 50 मिनट और वाराणसी से सिलीगुड़ी का सफर लगभग 2 घंटे 55 मिनट में पूरा हो सकेगा। इस पूरे कॉरिडोर के जरिए उत्तर भारत सीधे पूर्वोत्तर भारत के प्रवेश द्वार से जुड़ जाएगा, जिससे यूपी और बिहार जैसे घनी आबादी वाले राज्यों में ट्रेनों की भारी भीड़ से बड़ी राहत मिलेगी। पश्चिम बंगाल में बुलेट ट्रेन और अन्य रेल परियोजनाओं पर 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जा रहा है।
बिहार रेलवे के लिए 10 हजार करोड़ का भारी-भरकम बजट
बिहार में रेलवे के विकास को रफ्तार देने के लिए केंद्र सरकार ने 10 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का रेल बजट दिया है। मौजूदा समय में राज्य के भीतर करीब 1.15 लाख करोड़ रुपये के अलग-अलग रेलवे प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है। पटना में ट्रेनों और यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए हार्डिंग पार्क इलाके में 5 नए प्लेटफॉर्म वाला एक बेहद आधुनिक रेलवे स्टेशन बनाया जा रहा है। इसके अलावा फतुहा समेत कई अन्य महत्वपूर्ण जगहों पर भी नए रेल प्रोजेक्ट्स को तेजी से पूरा किया जा रहा है।
छपरा को मिली नई ट्रेन
त्योहारों और आम दिनों में यात्रियों की सहूलियत के लिए छपरा से आनंद विहार टर्मिनस के बीच एक नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन शुरू की जा रही है। इसके साथ ही मऊ-आनंद विहार एक्सप्रेस और दोहरीघाट-औंड़िहार मेमू ट्रेन के रूट को विस्तार देते हुए वाराणसी सिटी तक बढ़ा दिया गया है। इसके अलावा बिहार के लिए एक और गर्व की बात यह है कि मढ़ौरा लोकोमोटिव फैक्ट्री में बना 51वां स्वदेशी डीजल रेल इंजन अब अफ्रीकी देश गिनी को एक्सपोर्ट किया जा रहा है, जो भारतीय रेलवे की वैश्विक पहचान को मजबूत करता है।
Read more:- Delhi Pollution: दिल्ली सरकार ने प्रदूषण के खिलाफ तैयार किया ‘एडवांस’ विंटर एक्शन प्लान

