Shambhu Railway Track Blast

Shambhu Railway Track Blast :पटियाला में शंभू-अंबाला रेलवे ट्रैक के पास धमाका, एक व्यक्ति की मौत

Shambhu Railway Track Blast : पंजाब के पटियाला जिले में शंभू-अंबाला रेलवे ट्रैक के पास सोमवार रात एक धमाका हुआ, जिससे रेल पटरी का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार यह धमाका रात करीब 10 बजे मालगाड़ियों के लिए इस्तेमाल होने वाली पटरी के पास हुआ। शुरुआती जांच में इसे कम तीव्रता का विस्फोट माना गया, लेकिन बाद में पता चला कि यह पटरी को उड़ाने की कोशिश थी।

घटनास्थल से एक व्यक्ति का शव भी बरामद हुआ है। पुलिस का कहना है कि संभव है कि विस्फोट करने की कोशिश कर रहा व्यक्ति ही इसमें मारा गया हो। उसकी पहचान जगरूप सिंह के रूप में हुई है, जो तरन तारन जिले का रहने वाला बताया गया है। उसने निहंग सिंह का वेश धारण कर रखा था। एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि मौके से कुछ सबूत भी मिले हैं, जिनमें एक सिम कार्ड शामिल है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और फॉरेंसिक टीम भी साक्ष्य इकट्ठा कर रही है।

रेलवे पुलिस (GRP), रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और अन्य एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं। अधिकारियों ने कहा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। इस घटना के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। विपक्षी दलों ने इस घटना को लेकर सरकार पर सीधा हमला बोला है।

अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को अपनी गहरी नींद से जागना चाहिए और जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर को सुरक्षित करने के लिए तुरंत कदम उठाने चाहिए। उनका लापरवाह रवैया पंजाब को फिर से उस पुराने अंधेरे दौर में धकेल रहा है, जो बिल्कुल भी मंजूर नहीं है।

वहीं कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि शंभू के पास दिल्ली-पंजाब रेलवे ट्रैक को निशाना बनाने की इस कायरतापूर्ण घटना की हम कड़ी निंदा करते हैं। यह बेहद चिंता की बात है कि खतरे की पहले से सूचना होने के बावजूद कोई निवारक कदम नहीं उठाए गए। ऐसी चूकें बर्दाश्त के काबिल नहीं हैं।

अकाली दल ने यह भी कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है और सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाने में असफल दिख रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी जनवरी में पंजाब के सरहिंद इलाके में रेलवे ट्रैक पर इसी तरह का धमाका हुआ था, जिसमें एक ट्रेन इंजन को नुकसान पहुंचा था और एक लोको पायलट घायल हुआ था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है।

Read more:- Baghpat News: जिस दिन घर में गूंज रही थी पुलिस भर्ती की खुशियां, उसी दिन तिरंगे में लिपटकर लौटा छोटे बेटे का शव

More From Author

Baghpat News

Baghpat News: जिस दिन घर में गूंज रही थी पुलिस भर्ती की खुशियां, उसी दिन तिरंगे में लिपटकर लौटा छोटे बेटे का शव

Mumbai Mira Road

Mumbai Mira Road कलमा न पढ़ने पर गार्ड्स पर हमला,संदिग्ध हमलावर के घर से मिले ISIS से जुड़े दस्तावेज