Meta Subscription : सोशल मीडिया के इस दौर में आए दिन नए बदलाव देखने को मिल रहे हैं। अब कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स ने अपने पेड सब्सक्रिप्शन प्लान्स पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। इन प्लान्स के जरिए यूजर्स को कुछ एक्स्ट्रा और प्रीमियम फीचर्स दिए जा सकते हैं। हालांकि, सामान्य यूजर्स पहले की तरह ही फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप का मुफ्त इस्तेमाल कर सकेंगे। यानी पोस्ट शेयर करना, रील्स देखना और दोस्तों से चैटिंग करना पहले की तरह जारी रहेगा।
कितनी हो सकती है कीमत?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Instagram Plus और Facebook Plus की कीमत लगभग 3.99 डॉलर (करीब ₹379) प्रति माह हो सकती है। वहीं WhatsApp Plus के लिए करीब 2.99 डॉलर (लगभग ₹284) प्रति महीने खर्च करने पड़ सकते हैं।
बताया जा रहा है कि ये पेड प्लान्स खासतौर पर पावर यूजर्स, कंटेंट क्रिएटर्स, प्रोफेशनल्स और बिजनेस यूजर्स को ध्यान में रखकर तैयार किए जा रहे हैं। जो लोग सोशल मीडिया के जरिए अपने ब्रांड को बढ़ाना चाहते हैं या ऑनलाइन कमाई करते हैं, उनके लिए ये फीचर्स उपयोगी साबित हो सकते हैं।
हालांकि, भारत में इन प्लान्स की आधिकारिक कीमत और लॉन्च को लेकर Meta की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। आने वाले समय में कंपनी अलग-अलग जरूरतों के हिसाब से और भी प्रीमियम प्लान्स लॉन्च कर सकती है।
क्या मिल सकते हैं खास फीचर्स?
रिपोर्ट्स के अनुसार, Instagram के पेड प्लान में यूजर्स को स्टोरी से जुड़े कई एडवांस फीचर्स मिल सकते हैं। फिलहाल इंस्टाग्राम स्टोरी 24 घंटे बाद अपने आप हट जाती है, लेकिन प्रीमियम फीचर के जरिए इसे ज्यादा समय तक रखने का विकल्प मिल सकता है। इसके अलावा यूजर्स यह भी देख सकेंगे कि उनकी स्टोरी को कितनी बार दोबारा देखा गया है। वहीं, किसी दूसरे यूजर की स्टोरी को गुप्त तरीके से देखने का फीचर भी दिया जा सकता है, जिससे आपका नाम व्यूअर लिस्ट में दिखाई नहीं देगा।
रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि हर हफ्ते एक स्टोरी को Spotlight करने का विकल्प मिल सकता है, जिससे उसकी विजिबिलिटी बढ़ेगी। वहीं WhatsApp के पेड प्लान में प्रीमियम स्टिकर्स, कस्टम रिंगटोन्स और खास ऐप थीम्स जैसे फीचर्स दिए जा सकते हैं। इसके अलावा ज्यादा चैट्स को पिन करने और एडवांस चैट कस्टमाइजेशन टूल्स का सपोर्ट भी मिल सकता है। आने वाले समय में कंपनी इसमें कुछ नए और मजेदार फीचर्स भी जोड़ सकती है।
Read more:- Digital Arrest के नाम पर 2.10 करोड़ की साइबर ठगी, हरियाणा का आरोपी गिरफ्तार

