Haryana News: 19 साल बाद 10 बहनों को मिला भाईहरियाणा के फतेहाबाद जिले के ढाणी भोजराज गांव से एक दिल छूने वाली खबर सामने आई है। यहां एक साधारण से परिवार में 19 साल बाद बेटे का जन्म हुआ है। इस परिवार की अब तक 10 बेटियां थीं, और अब 11वीं संतान के रूप में एक बेटे ने जन्म लिया है।
संजय कुमार (37) और उनकी पत्नी सुनीता (36) की शादी को 19 साल हो चुके हैं। शुरुआती सालों में बेटे की चाहत रखते हुए उन्होंने कई बार कोशिश की, लेकिन लगातार बेटियां ही हुईं। अब आखिरकार, 19 साल बाद उनका सपना पूरा हुआ है। इस डिलीवरी को लेकर डॉक्टरों ने इसे हाई रिस्क केस माना था, लेकिन अब मां और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।
यह डिलीवरी उचाना कस्बे के ओजस हॉस्पिटल एंड मैटरनिटी होम में हुई, जहां डॉक्टरों ने सुनीता को तीन यूनिट खून चढ़ाया था। जन्म के समय नवजात में खून की कमी पाई गई, लेकिन समय पर इलाज मिलने से बच्चे की हालत में सुधार हुआ। फिलहाल मां और बेटा दोनों स्वस्थ हैं और डॉक्टरों की निगरानी में अस्पताल में हैं।
संजय ने बताया कि अपनी पत्नी की डिलीवरी के लिए उन्होंने एक प्राइवेट अस्पताल का चुनाव किया था, जो गांव से लगभग 50 किलोमीटर दूर था, ताकि बेहतर इलाज मिल सके। उन्होंने यह भी बताया कि उनका परिवार बहुत साधारण है और वह मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। संजय का कहना है, ‘हम हमेशा चाहते थे कि एक बेटा हो, लेकिन हमें बेटियों पर भी गर्व है। मेरी बेटियां बहुत होशियार हैं और वे स्कूल जाती हैं।’
संजय की एक बेटी रिश्तेदारी में गोद दी गई है, और बाकी 9 बेटियों की पूरी जिम्मेदारी वह और उनकी पत्नी खुद निभा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘बेटियां किसी से कम नहीं होतीं। अगर वे पढ़-लिखकर अपने पैरों पर खड़ी होती हैं, तो वही हमारी सबसे बड़ी पूंजी होंगी।’
संजय की जिंदगी संघर्षों से भरी रही है। वह पहले लोक निर्माण विभाग में डेली वेज पर काम करते थे, लेकिन 2018 में उन्हें काम से हटा दिया गया। फिर उन्होंने मनरेगा के तहत मजदूरी करना शुरू किया। पिछले एक साल से उनका काम बंद है, फिर भी वह अपने बच्चों की पढ़ाई और देखभाल में कोई कसर नहीं छोड़ते।
Read more:-Amroha News: मासूम बच्ची से दरिंदगी, 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

