Mumbai Mira Road

Mumbai Mira Road कलमा न पढ़ने पर गार्ड्स पर हमला,संदिग्ध हमलावर के घर से मिले ISIS से जुड़े दस्तावेज

मुंबई के पास मीरा रोड इलाके में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहाँ 31 वर्षीय एक युवक ने दो सुरक्षा गार्डों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी की पहचान जैब जुबैर अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी प्रतिबंधित आतंकी संगठन ISIS की विचारधारा से प्रभावित हो सकता है और वह लगातार उनके प्रोपेगैंडा वीडियो देखता था।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना सोमवार तड़के करीब 4 बजे नया नगर इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत के पास हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी जुबैर पहले गार्ड्स के पास पहुंचा और मस्जिद का रास्ता पूछा। कुछ देर बाद वह फिर लौटा और गार्ड्स राजकुमार मिश्रा और सुब्रतो सेन से उनका धर्म पूछा। आरोपी ने कथित तौर पर उनसे ‘कलमा’ पढ़ने को कहा और जब गार्ड्स ने मना कर दिया, तो उसने अचानक चाकू से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घायल गार्ड्स ने केबिन में छिपकर अपनी जान बचाई। फिलहाल दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पढ़ा-लिखा है आरोपी, रह चुका है अमेरिका

जांच में पता चला है कि आरोपी जुबैर अंसारी काफी शिक्षित है। वह साइंस ग्रेजुएट है और साल 2019 तक अमेरिका में रह चुका है। भारत लौटने के बाद वह मीरा रोड पर अकेले रह रहा था और एक कोचिंग सेंटर में केमिस्ट्री और गणित पढ़ाता था। बताया जा रहा है कि नौकरी छूटने और अकेलेपन के कारण वह धीरे-धीरे ऑनलाइन कट्टरपंथी कंटेंट की ओर झुक गया।

घर से मिले संदिग्ध नोट्स

पुलिस ने जब आरोपी के घर की तलाशी ली, तो वहां से कई संदिग्ध दस्तावेज और नोट्स बरामद हुए। इन नोट्स में ‘लोन वुल्फ’, ‘जिहाद’ और ‘गाज़ा’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। एक नोट में अंग्रेजी में लिखा था कि ‘लोन वुल्व्स तुम पर झपटेंगे।’ इन सबूतों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि ‘लोन वुल्फ’ अटैक उन हमलों को कहा जाता है जहाँ एक अकेला व्यक्ति बिना किसी बड़े नेटवर्क के आतंकी घटना को अंजाम देता है।

ATS को सौंपी गई जांच

मामले की गंभीरता और आतंकी संलिप्तता के शक को देखते हुए इसकी जांच महाराष्ट्र एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) को सौंप दी गई है। एजेंसियां अब आरोपी के मोबाइल डेटा, इंटरनेट ब्राउजिंग हिस्ट्री और कॉल रिकॉर्ड्स को खंगाल रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किन लोगों के संपर्क में था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस हमले का संबंध हाल ही में हुए अन्य हमलों से है।

Read more:-Shambhu Railway Track Blast :पटियाला में शंभू-अंबाला रेलवे ट्रैक के पास धमाका, एक व्यक्ति की मौत

More From Author

Shambhu Railway Track Blast

Shambhu Railway Track Blast :पटियाला में शंभू-अंबाला रेलवे ट्रैक के पास धमाका, एक व्यक्ति की मौत

New Rules May 2026

New Rules May 2026: यूपी में नया लेबर कोड लागू, सैलरी, बैंकिंग और डिजिटल पेमेंट पर पड़ेगा असर