Baramati Plane Crash

Baramati Plane Crash: इंजन फेल होने के बाद खेत में गिरी फ्लाइट, बिजली के खंभे से टकराकर बाल-बाल बचा पायलट

Baramati Plane Crash: महाराष्ट्र के पुणे जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा विमान हादसा टल गया। बारामती के गोजुबावी गांव में ‘रेडबर्ड एविएशन’ कंपनी का एक दो सीटों वाला प्रशिक्षण (ट्रेनर) विमान तकनीकी खराबी के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार इकलौता ट्रेनी पायलट सुरक्षित है और उसे केवल मामूली चोटें आई हैं।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के मुताबिक, यह घटना सुबह करीब 8:50 बजे की है। विमान ने बारामती हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी, लेकिन कुछ ही देर बाद इंजन में खराबी आ गई। ऊंचाई कम होने के कारण पायलट को गोजुबावी गांव के पास क्रैश लैंडिंग करनी पड़ी। जमीन पर गिरने से ठीक पहले विमान का एक हिस्सा बिजली के खंभे से टकरा गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ और विमान खेत में जा गिरा।

प्रत्यक्षदर्शियों ने सुनाई आपबीती

हादसे के वक्त खेत में काम कर रही एक महिला प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, ‘सुबह करीब 8:30 बजे अचानक इतनी तेज आवाज आई कि मैं सहम गई। मैंने देखा कि एक विमान नीचे गिर रहा है। मुझे लगा कि अंदर बैठे लोग नहीं बचेंगे, लेकिन विमान जमीन पर स्थिर होने के बाद पायलट खुद दरवाजा खोलकर बाहर निकल आया। जब हम मदद के लिए दौड़े, तो लोगों ने आग लगने के डर से पास जाने से मना कर दिया।’

सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल

पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक (SP) संदीप सिंह गिल ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। यह वही इलाका है जहां कुछ समय पहले उपमुख्यमंत्री अजित पवार का विमान भी हादसे का शिकार हुआ था। गौरतलब है कि ‘रेडबर्ड’ कंपनी के विमान पहले भी इस क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं और सुरक्षा कारणों से इस पर पहले प्रतिबंध भी लगाया जा चुका है।

बार-बार हो रहे इन हादसों ने एविएशन ट्रेनिंग संस्थानों के सुरक्षा मानकों और विमानों के रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच के लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को सूचित कर दिया गया है।

Read more:- क्या अलग हो रहे हैं Mouni-Suraj? इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को किया अनफॉलो

More From Author

Yogi Government

Yogi Government का बड़ा फैसला, अब मंत्रियों के काफिले में घटेंगी 50% गाड़ियां, ‘नो व्हीकल डे’ की भी तैयारी

Mouni Roy

Mouni Roy ने तलाक की अफवाहों पर तोड़ी चुप्पी, कहा-हमारी प्राइवेसी का सम्मान करें