Khan Sir Coaching: बिहार की राजधानी पटना में स्थित खान सर की कोचिंग सेंटर पर बीती रात फायरिंग की घटना सामने आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार , कुछ बदमाशों ने सेंटर पर कई राउंड गोलियां चलाई गई। जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद संस्थान की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। फायरिंग में एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। एहतियात के तौर पर कोचिंग संस्थान को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है।
फायरिंग के बाद छात्रों में आक्रोश
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में छात्र कोचिंग सेंटर के बाहर एकत्र हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। छात्रों ने संस्थान के बाहर नारेबाजी करते हुए खान सर की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की। फिलहाल कुछ दिनों तक कोचिंग बंद रहने की संभावना जताई जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, 2 जून की रात करीब 10:55 बजे खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग हुई। बताया जा रहा है कि कुछ लोग संस्थान परिसर में घुस गए और वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की। शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक कई राउंड गोलियां चलाई गईं, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। इस घटना में एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस हमलावरों की पहचान तथा घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। इसके लिए आसपास के दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही हैं
एसपी सिटी (सेंट्रल) दीक्षा के अनुसार, ‘प्रारंभिक जांच में गोलीबारी करने वाले कुछ लोग सामने स्थित कोचिंग संस्थान से जुड़े प्रतीत हो रहे हैं। हालांकि, सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है। आवेदन प्राप्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।‘
क्या बोले खान सर?
घटना के बाद खान सर ने बताया कि उस दिन कक्षाएं समाप्त हो चुकी थीं। हाल ही में बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित हुआ था, जिसमें उनके संस्थान के बड़ी संख्या में छात्र सफल हुए थे। इसी उपलब्धि के उपलक्ष्य में सफल छात्रों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया था।
खान सर के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान कुछ असामाजिक तत्व वहां पहुंचे और दो दिनों के भीतर कोचिंग संस्थान को उड़ाने की धमकी देने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों ने मौके पर मौजूद अन्य लोगों को भी डराने-धमकाने का प्रयास किया।
उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को इस बात से आपत्ति है कि उनके संस्थान में कम फीस पर बड़ी संख्या में छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है और अच्छे परिणाम प्राप्त हो रहे हैं। खान सर ने प्रशासन से संस्थान की सुरक्षा बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि गरीब और सामान्य परिवारों के छात्रों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अधिकार है।
पहले भी हो चुका है हमला
यह पहली बार नहीं है जब खान सर के संस्थान को निशाना बनाया गया हो। इससे पहले 10 मई 2019 को मुसल्लहपुर हाट स्थित खान जीएस रिसर्च सेंटर के बाहर कुछ बदमाशों ने देसी बम से हमला किया था। उस समय लगातार दो देसी बम फेंके गए थे, हालांकि उस घटना में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ था।
खान सर कौन हैं?
खान सर पटना के लोकप्रिय शिक्षक और यूट्यूबर हैं। उनके संस्थान Khan GS Research Centre के माध्यम से देशभर के लाखों छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। कम फीस में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के कारण वे छात्रों के बीच विशेष रूप से लोकप्रिय हैं।
Read more:- Ghaziabad Surya Case: 17 साल के सूर्या की हत्या,गाजियाबाद से उठी इंसाफ की पुकार!

