Patna News: बिहार की राजधानी पटना के दीघा इलाके से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ स्कूल जाने वाली दो नाबालिग लड़कियों ने दिनदहाड़े एक ज्वेलरी शॉप में फिल्मी अंदाज में लूट की बड़ी प्लानिंग की। दोनों लड़कियों ने दुकानदार की आंखों में पेपर स्प्रे छिड़क कर गहने लूटने की कोशिश की, लेकिन दुकानदार की सूझबूझ और फुर्ती के कारण उनका सारा खेल बिगड़ गया। यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ग्राहक बनकर दुकान में ली थी एंट्री
यह सनसनीखेज मामला दीघा थाना क्षेत्र के कुर्जी पुल के पास स्थित ‘मां वैष्णवी ज्वेलर्स’ की है। शुक्रवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे दो युवतियां चेहरे पर मास्क लगाकर ग्राहक के रूप में दुकान के अंदर दाखिल हुईं। उन्होंने दुकान के मालिक राजेश कुमार से कान की बालियां दिखाने को कहा। जब दुकानदार जेवर दिखाने में व्यस्त हो गए, तभी मौका पाकर एक लड़की ने अचानक जेब से पेपर स्प्रे निकाला और दुकानदार के चेहरे पर छिड़क दिया।
दुकानदार की सूझबूझ से नाकाम हुई साजिश
पेपर स्प्रे के अचानक हुए इस हमले के बावजूद दुकानदार राजेश कुमार ने हिम्मत नहीं हारी। वे तुरंत पीछे हटे जिससे स्प्रे का असर उन पर ज्यादा नहीं हुआ। उन्होंने बिना समय गंवाए फुर्ती दिखाई और तेजी से भागकर दुकान के बाहर आ गए। बाहर आते ही उन्होंने दुकान का शटर गिराकर दोनों युवतियों को अंदर ही लॉक कर दिया और शोर मचाना शुरू कर दिया। दुकानदार की आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग और दुकानदार भारी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए और देखते ही देखते वहां भारी हंगामा शुरू हो गया।
पकड़े जाने पर भीड़ का फूटा गुस्सा
शॉप के अंदर फंसी लड़कियों ने जब भागने की कोशिश की, तो इकट्ठा हुई भीड़ ने उन्हें पकड़ लिया। सामने आए वीडियो में दिख रहा है कि घटना से नाराज भीड़ का गुस्सा दोनों लड़कियों पर फूट पड़ा। वहां मौजूद महिलाओं और अन्य लोगों ने एक लड़की के बाल पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसी बीच एक लड़की इस अफरातफरी का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रही, लेकिन लोगों ने दूसरी लड़की को बंधक बनाए रखा। घटना की सूचना मिलते ही दीघा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर लड़की को हिरासत में लिया, जिसकी निशानदेही पर बाद में फरार हुई दूसरी लड़की को भी पकड़ लिया गया।
पूछताछ में पैसों की तंगी का दिया बहाना
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में जो खुलासा हुआ, उसने सबको चौंका दिया। दोनों लड़कियां आपस में सहेलियां हैं, स्कूल में पढ़ती हैं और अभी नाबालिग हैं। पूछताछ में उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके पास पैसों की भारी तंगी थी और रातों-रात अमीर बनने के लिए उन्होंने यह शॉर्टकट रास्ता अपनाया था। उन्हें लगा था कि वे यहाँ से गहने लूटकर किसी दूसरी दुकान में आसानी से बेच देंगी। दीघा थाने के प्रभारी अवनीश कुमार ने बताया कि दुकानदार की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और दोनों लड़कियां क्योंकि नाबालिग हैं, इसलिए उन्हें फिलहाल रिमांड होम भेज दिया गया है।
Read more:- 370 रुपए बिरयानी विवाद पर Pranit More ने मांगी माफी

