NEET UG Re-Exam 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित की जाने वाली नीट यूजी री-एग्जाम 2026 को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। देश भर के विभिन्न केंद्रों पर 21 जून 2026 को होने वाले इस री-टेस्ट में 22 लाख से ज्यादा उम्मीदवार शामिल होने जा रहे हैं। तमाम मीडिया रिपोर्ट्स और सूत्रों के मुताबिक, एनटीए द्वारा परीक्षा के नए एडमिट कार्ड 14 जून 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए जाएंगे।
पुराना एडमिट कार्ड अब मान्य नहीं
नीट यूजी री-एग्जाम में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि 26 अप्रैल 2026 को जारी किया गया पुराना एडमिट कार्ड अब पूरी तरह अमान्य हो चुका है। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए केवल नया एडमिट कार्ड ही स्वीकार किया जाएगा। केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने भी छात्रों को भरोसा दिलाया है कि सभी परीक्षार्थियों को समय रहते नए प्रवेश पत्र उपलब्ध करा दिए जाएंगे। बता दें कि एजेंसी 7 जून को ही ‘एग्जाम सिटी स्लिप’ जारी कर चुकी है, जिससे छात्रों को उनके परीक्षा शहर की जानकारी मिल चुकी है।
कैसे डाउनलोड करें एडमिट कार्ड
एडमिट कार्ड जारी होने के बाद छात्र नीचे दिए गए तरीके से इसे ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं:
- सबसे पहले एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाएं।
- होमपेज पर मौजूद ‘Re-NEET UG 2026 Admit Card’ या ‘Candidate Activity/Login’ लिंक पर क्लिक करें।
- अब अपना एप्लिकेशन नंबर, पासवर्ड/डेट ऑफ बर्थ और सिक्योरिटी पिन दर्ज करके सबमिट करें।
- लॉगिन करते ही आपका नया एडमिट कार्ड स्क्रीन पर पीडीएफ (PDF) फॉर्मेट में खुल जाएगा।
- इसे डाउनलोड करें और परीक्षा के दिन के लिए इसका एक साफ प्रिंटआउट निकालकर रख लें।
एनटीए की आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, इस बार छात्रों की सहूलियत के लिए परीक्षा के नियमों में कुछ बदलाव किए गए हैं। 21 जून को दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलने वाली इस परीक्षा में अभ्यर्थियों को 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। इसके साथ ही, प्रश्नों को हल करने और रफ काम के लिए परीक्षार्थियों को 4 अतिरिक्त पेज भी मुहैया कराए जाएंगे।
क्यों हो रही है दोबारा परीक्षा?
गौरतलब है कि नीट यूजी 2026 की मुख्य परीक्षा का आयोजन 3 मई को किया गया था। हालांकि, कथित पेपर लीक मामले की जांच के दौरान इसमें कई अनियमितताएं पाई गईं। राजस्थान स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) की जांच रिपोर्ट के आधार पर इस परीक्षा को 12 मई को रद्द करने का फैसला लिया गया था। इसी वजह से अब सभी पंजीकृत छात्रों के लिए 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की जा रही है।
Read more:- Ahmedabad Airport: दुबई-अहमदाबाद फ्लाइट के टॉयलेट में मिला ₹4.3 करोड़ का सोना

