Delhi News: दक्षिण दिल्ली के महरौली इलाके में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। वार्ड नंबर-3 में स्थित एक पुरानी तीन मंजिला इमारत का हिस्सा तोड़फोड़ के दौरान अचानक ढह गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास धूल का गुबार फैल गया।
जानकारी के अनुसार, करीब 400 वर्ग गज में फैली इस पुरानी इमारत को एक बिल्डर द्वारा खरीदा गया था। यहां नई बहुमंजिला इमारत के निर्माण के लिए पुरानी संरचना को गिराने का काम चल रहा था। सुबह करीब 9:30 बजे अचानक इमारत का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे आ गिरा।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस और राहत-बचाव दल ने तत्काल क्षेत्र को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली और मलबे की जांच शुरू कर दी।
पड़ोसी की कई गाड़ियां हुईं क्षतिग्रस्त
इमारत ढहने से आसपास खड़ी कई गाड़ियां इसकी चपेट में आ गईं। स्थानीय निवासी अनिल शर्मा के हाते में खड़ी चार से पांच गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
मजदूरों के फंसे होने की आशंका की जांच
दमकल और पुलिस की टीमें मलबे का निरीक्षण कर रही हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि घटना के समय कोई मजदूर या अन्य व्यक्ति इमारत के अंदर मौजूद तो नहीं था। अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल किसी के मलबे में फंसे होने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर जांच जारी है।
बिल्डर और ठेकेदार पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों ने बिल्डर और ठेकेदार पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। निवासियों का कहना है कि तोड़फोड़ का काम जल्दबाजी में किया जा रहा था और रात के समय भी बुलडोजर चलाए जा रहे थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित ठेकेदार को पूछताछ के लिए मौके पर बुलाया गया है।
सुरक्षा मानकों की होगी जांच
प्रशासन यह जांच कर रहा है कि रिहायशी इलाके में चल रहे इस तोड़फोड़ कार्य के दौरान सभी सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि मलबा हटाने और जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
फिलहाल मौके पर राहत और निरीक्षण कार्य जारी है। आसपास के लोग घटना के बाद सहमे हुए हैं और प्रशासन की आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
Read more:- Telegram Ban India: टेलीग्राम की ऐप स्टोर पर हुई वापसी, लेकिन 30 जून तक काम नहीं करेगा यह जरूरी फीचर

