Delhi Rain

Delhi Rain: दिल्ली-एनसीआर में सुबह-सुबह झमाझम बारिश, गर्मी से मिली राहत

Delhi Rain: दिल्ली-एनसीआर में सोमवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली है। दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम के कई इलाकों में सुबह से ही घने बादल छाए रहने के बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। इस बारिश से जहां एक तरफ लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली है, वहीं दूसरी तरफ दफ्तर जाने वाले लोगों के लिए मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। दिल्ली के नॉर्थ एवेन्यू और हैली मार्ग समेत कई प्रमुख चौराहों पर तेज बारिश के कारण ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई।

बारिश के बाद दिल्ली का न्यूनतम तापमान तीन से चार डिग्री तक गिरकर 27 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हालांकि, गुरुग्राम के राजीव चौक सहित कई रिहायशी इलाकों में तेज बारिश के बाद जलभराव की पुरानी समस्या फिर सामने आ गई, जिससे सुबह-सुबह राहगीर और वाहन चालक काफी परेशान नजर आए।

दोपहर में आंधी और बारिश का येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने सोमवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। दोपहर और शाम के वक्त भी दिल्ली के नजफगढ़, द्वारका, जाफरपुर, पालम और वसंत कुंज जैसे इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने और बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिकों ने सुरक्षा के लिहाज से लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है। दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल प्री-मानसून गतिविधियां चल रही हैं, जबकि आधिकारिक तौर पर मानसून 25 से 30 जून के बीच पूरी तरह एक्टिव होगा।

आने वाले दिनों में बढ़ेगी उमस भरी गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है और आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इसके बाद 17 से 19 जून के बीच मौसम साफ होने के साथ तापमान फिर बढ़ेगा और पारा 41 से 42 डिग्री तक जा सकता है, जबकि 20 जून तक अधिकतम तापमान बढ़कर 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बारिश के बावजूद तापमान में कोई बहुत बड़ी गिरावट नहीं आएगी, बल्कि हवा में नमी बढ़ने के कारण आने वाले दिनों में लोगों को उमस भरी गर्मी ज्यादा परेशान कर सकती है। वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 151 दर्ज किया गया है, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।

Read more:- Roshan Anand को मिली जमानत, आज सहरसा में करेंगे भाई प्रिंस यादव का अंतिम संस्कार

More From Author

roshan anand

Roshan Anand को मिली जमानत, आज सहरसा में करेंगे भाई प्रिंस यादव का अंतिम संस्कार

Noida International Airport

Noida International Airport से कमर्शियल उड़ानों का आगाज, किसानों को मिला खास सम्मान