Roshan Anand bail: पटना कोचिंग गोलीकांड के बाद लगातार खान सर चर्चा में बने हुए हैं। इस केस में फायरिंग के आरोप में पुलिस ने बिंदु कोचिंग संस्थान के संचालक रौशन आनंद को हिरासत में लिया था। रोशन आनंद का भाई प्रिंस यादव गिरफ्तारी के डर से नेपाल में छिपा हुआ था, जहां कल संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद से ही पूरा परिवार सदमे में है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अब रौशन आनंद को जमानत मिल गई है और आज वे अपने छोटे भाई प्रिंस यादव के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।
बता दें कि 12 जून को हुई सुनवाई में दोनों पक्षों के वकीलों के बीच जमकर बहस हुई थी। इसमें रोशन के वकील ने कोर्ट से कहा था कि जब इसी मामले में नामजद आरोपी फैजल खान उर्फ खान सर को राहत मिल सकती है, तो फिर उनके मुवक्किल को जेल में क्यों रखा जा रहा है? साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि रोशन आनंद को झूठा फंसाया गया है। यह शिकायत फैज़ल खान ने दर्ज करवाई है, जो खुद मुख्य आरोपी है। बता दें कि घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें देखा जा सकता था कि फायरिंग खान सर के दोनों गार्ड्स ने की है।
प्रिंस यादव की मौत की जांच जारी
प्रिंस यादव की मौत के बाद परिवार के लोगों ने कई सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यह मौत सामान्य नहीं हो सकती, इसकी गहन जांच होनी चाहिए। साथ ही शव की कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें चोट के निशान साफ़ दिख रहे हैं। इसके चलते मौत का यह रहस्य और गहरा गया है। फिलहाल पुलिस पांच संदिग्धों से पूछताछ कर रही है, साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। बता दें कि प्रिंस यादव सहरसा स्थित अपने पैतृक गांव धमसेना का रहने वाला था और उसकी मौत की खबर से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
आज होगा अंतिम संस्कार
रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव का पार्थिव शरीर रविवार देर शाम पैतृक गांव धमसेना पहुंच गया। इसके बाद से गांव में परिजनों और ग्रामीणों के बीच शोक की लहर है और पूरे इलाके में सन्नाटा छाया हुआ है। भारी संख्या में ग्रामीण और शुभचिंतक अंतिम दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं, आज सहरसा में होने वाले अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। प्रिंस को अंतिम विदाई देने के लिए परिवार, मित्र और शुभचिंतक एकत्र हो रहे हैं।
Read more:- नेपाल में मिला Prince Yadav का शव, Khan Sir Controversy के बाद से था फरार

