Greater Noida Dowry Case

Greater Noida Dowry Case: दहेज की बलि चढ़ी एक और बेटी, ससुर और पति गिरफ्तार

Greater Noida Dowry Case: भोपाल की ट्विशा शर्मा की मौत का मामला अभी सुर्खियों में ही था कि देश को झकझोर देने वाली एक और ऐसी ही घटना ग्रेटर नोएडा से सामने आ गई है। ट्विशा शर्मा, जो एक रिटायर्ड जज की बहू और वकील की पत्नी थीं, ने शादी के महज 14 महीने बाद मौत को गले लगा लिया था। हालांकि, उनके शरीर पर चोट के निशान और परिजनों के दावों के अनुसार यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या है।

अब ऐसा ही एक दर्दनाक मामला ग्रेटर नोएडा से सामने आया है, जहाँ शादी के कुछ दिन बाद से ही बेटी को फॉर्च्यूनर गाड़ी और 50 लाख रुपये की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा। वह इस जुल्म को चुपचाप सहती रही और अंततः दीपिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आइए समझते हैं कि क्या है पूरा मामला:-

कौन थीं दीपिका नागर?

दीपिका नागर एक पढ़ी-लिखी, पोस्ट ग्रेजुएट लड़की थीं, जिनकी शादी करीब 14 महीने पहले ही रितिक नाम के युवक से हुई थी। दोनों की शादी में दीपिका के परिवार ने करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए थे। रितिक के पिता का नाम मनोज प्रधान बताया गया है। गाँव के लोगों का कहना है कि दीपिका बेहद शांत, समझदार और मिलनसार स्वभाव की थीं। उन्हें गाँव की सबसे पढ़ी-लिखी लड़कियों में गिना जाता था।

क्या हैं आरोप?

दीपिका के परिवार ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले उनकी बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे। शादी में स्कॉर्पियो गाड़ी, सोना-चांदी समेत दहेज का सारा सामान दिया गया था, लेकिन ससुराल वालों की नीयत इतने से भी नहीं भरी। वे जल्द ही फॉर्च्यूनर गाड़ी और 50 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग करने लगे।

परिजनों के अनुसार, आखिरी बातचीत में 17 मई को दीपिका ने फोन कर बताया था कि ससुराल वाले उसे बुरी तरह पीट रहे हैं और गाड़ी व रुपयों की मांग कर रहे हैं। मृतका के पिता ने बताया कि घटना से एक दिन पहले वह खुद बेटी के ससुराल गए थे और वहां बातचीत कर लौटे थे ताकि मामला शांत हो सके।

इसके बाद रात को ससुराल वालों का कॉल आया कि दीपिका छत से गिर गई है। दीपिका के चाचा सुनील के अनुसार, अस्पताल में जब उन्होंने दीपिका का शव देखा, तो उसके पूरे शरीर पर मारपीट और गंभीर चोट के निशान थे। उन निशानों से साफ पता चल रहा था कि उसे बेरहमी से पीटा गया है। इस मामले में तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने दीपिका के ससुर मनोज और पति ऋतिक को गिरफ्तार कर लिया है।

दीपिका का छलका था दर्द

दीपिका अक्सर रोते हुए अपनी माँ को फोन पर बताया करती थी कि उसे लगातार परेशान किया जा रहा है। इस वजह से वह गहरे मानसिक तनाव में रहने लगी थी। हालांकि, उसे उम्मीद थी कि समय रहते शायद हालात सुधर जाएंगे, लेकिन उसकी यह उम्मीद पूरी नहीं हो सकी।

मौत के बाद फूटा परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा

दीपिका की मौत के बाद पूरे गाँव में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिवार की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी पढ़ी-लिखी और होनहार लड़की के साथ ऐसा क्रूर व्यवहार होना बेहद दुखद और निंदनीय है। परिजनों का सीधा आरोप है कि दीपिका की मारपीट कर हत्या की गई और फिर उसे छत से नीचे फेंक दिया गया ताकि इस जघन्य हत्याकांड को एक हादसा दिखाया जा सके। उन्होंने इस पूरी घटना के पीछे लालच और दहेज को ही मुख्य वजह बताया है।

Read more:- Twisha Sharma का आखिरी चैट वायरल कहा- ‘मैं फंस गई हूं यार, तुम मत फंसना…’

More From Author

Twisha Sharma Insta Chat Leaked

Twisha Sharma का आखिरी चैट वायरल कहा- ‘मैं फंस गई हूं यार, तुम मत फंसना…’

Kalkaji Metro Station

Kalkaji Metro Station की लिफ्ट में बुजुर्ग ने किया पेशाब, वीडियो वायरल