ketan Agarwal Murder Case : पुणे के मशहूर लोहागढ़ किला हत्याकांड में हर दिन नए और हैरान करने वाले खुलासे हो रहे हैं। 25 साल के केतन अग्रवाल की मौत के मामले में पुलिस मुख्य आरोपी सिया गोयल और उसके बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी से लगातार पूछताछ कर रही है। बीती रात पुलिस ने सिया के भाई साहिल गोयल से भी जिला पुलिस मुख्यालय में घंटों पूछताछ की। आइए जानते हैं इस मर्डर केस से जुड़ी अब तक के बड़े खुलासे:-
मंगेतर को खाई में धकेलना ज्यादा आसान था
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी सिया गोयल ने एक बेहद चौंकाने वाला बयान दिया है। सिया ने दावा किया कि अपने मंगेतर केतन अग्रवाल को मारना, अपने परिवार को यह बताने से ज्यादा आसान था कि वह उससे शादी नहीं करना चाहती थी। जब पुलिस ने पूछा कि उसने परिवार को सच क्यों नहीं बताया, तो उसने कहा कि वह अपने परिवार को दुखी या चोट नहीं पहुंचाना चाहती थी। उसका मानना था कि सगाई तोड़ने और परिवार का सामना करने से बेहतर केतन को रास्ते से हटाना था।
विग पहनने की अजीब वजह
सिया गोयल ने पुलिस के सामने यह भी दावा किया कि वह केतन अग्रवाल को इसलिए नापसंद करती थी क्योंकि वह विग (हेयर पैच) पहनता था। इस पर केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने पलटवार करते हुए कहा कि उनके बेटे के सिर पर सिर्फ एक छोटा सा बालों का पैच था, जिसके बारे में सगाई से पहले ही सिया के परिवार को पूरी सच्चाई बता दी गई थी। पिता ने साफ कहा, ‘विग पहनना मेरे बेटे की हत्या की वजह नहीं हो सकता, यह सिर्फ एक बहाना है।’
घटना वाले दिन ही बदला सिया का चेहरा
केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने बताया कि 18 जून को सिया की मां का फोन आया था कि केतन किले से गिर गया है। जब परिवार वहां पहुंचा तो केतन को खाई से निकाला जा चुका था और उसका मुंह बंधा हुआ था। पिता के मुताबिक, मौके पर मौजूद एक महिला पुलिसकर्मी ने जैसे ही कहा कि ‘केतन अभी जिंदा है, इसे तुरंत अस्पताल ले जाना चाहिए’, वैसे ही सिया के चेहरे के हाव-भाव पूरी तरह बदल गए और वह घबरा गई। इसके बाद उसने परिवार के किसी सवाल का जवाब नहीं दिया, जिससे पहले ही दिन उस पर शक हो गया था।
जनवरी से ही अफेयर की बात जानता था परिवार
पुणे ग्रामीण पुलिस की जांच में सामने आया है कि सिया के परिवार को इसी साल जनवरी में एक कम्युनिटी क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान ही सिया और चेतन चौधरी के रिश्ते के बारे में पता चल गया था। पुलिस को शक है कि केतन का परिवार फाइनेंशियली बहुत मजबूत था, इसी वजह से पसंद न होने के बावजूद सिया के घरवालों ने उसकी शादी केतन से तय कर दी थी।
31 मई से चल रही थी हत्या की प्लानिंग
पुलिस के मुताबिक, केतन को 350 फुट गहरी खाई में धकेलने की साजिश कई दिनों से रची जा रही थी। 31 मई को सिया पहली बार केतन के साथ लोहागढ़ किला गई थी ताकि मर्डर के लिए सुनसान जगह ढूंढ सके। 4 जून को दोबारा जाने का प्लान था, लेकिन केतन की मां के एतराज के बाद ट्रिप कैंसिल हो गई।
6 जून को सिया ने केतन का पासपोर्ट गायब कर कहीं फेंक दिया था। 14 जून को सिया ने केतन को चट्टान से धक्का देने की पहली कोशिश की थी, लेकिन केतन एक झाड़ी पकड़कर बच गया। तब सिया ने इसे महज एक ‘हादसा’ बताकर उसका भरोसा फिर जीत लिया। वही 18 जून को चार दिन बाद सिया उसे दोबारा उसी किले पर ले गई और अपने बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी के साथ मिलकर उसे खाई में धकेल दिया।
सीसीटीवी और डिजिटल सबूत
पुलिस को पुणे के एक कैफे की सीसीटीवी (CCTV) फुटेज मिली है, जिसमें 31 मई से 4 जून के बीच सिया और चेतन कई बार मिलते दिख रहे हैं। इसके अलावा, चेतन के स्टोर के एक कर्मचारी ने गवाही दी है कि मर्डर वाले दिन चेतन अपना फोन दुकान पर ही छोड़ गया था और पुलिस को गुमराह करने के लिए कर्मचारी का फोन अपने साथ किले पर ले गया था।
फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और मामले की जांच लगातार जारी है।
Read more:- Pune Murder Case: मंगेतर सिया ने प्रेमी संग कैफे में रची थी साजिश, सामने आया CCTV फुटेज

