Petrol Pump Fire

Petrol Pump Fire: राजगढ़ के पचोर में पेट्रोल पंप पर भीषण आग, 12 लोग झुलसे

Petrol Pump Fire: मध्य प्रदेश के पचोर शहर में सोमवार रात एक भयानक हादसा हो गया। शहर के मध्य स्थित चुन्नीलाल-मुन्नालाल भारत पेट्रोलियम पंप पर रात करीब 8:30 बजे अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे ने न केवल पेट्रोल पंप को अपनी चपेट में लिया, बल्कि देखते ही देखते पूरे इलाके में दहशत फैल गई। हादसे में 12 लोग झुलस गए, जबकि 12 मोटरसाइकिलें और एक पेट्रोल टैंकर भी आग की चपेट में आ गए।

कैसे शुरू हुई आग?

प्रत्यक्षदर्शियों और पंप कर्मचारियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब पंप पर पेट्रोल भरवाने के लिए वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी। चश्मदीदों का कहना है कि एक बाइक सवार पेट्रोल भरवाकर जैसे ही आगे बढ़ा, अचानक उसकी बाइक से चिंगारी निकली और आग लग गई। घबराहट में युवक जलती हुई बाइक वहीं छोड़कर भाग गया। इसके बाद आग लगी बाइक फिसलते हुए वहां खड़े ईंधन से भरे पेट्रोल टैंकर के पास जा पहुंची, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया।

पंप कर्मचारी जगदीश धनगर ने बताया, ‘पीछे से आ रहे एक वाहन से अचानक चिंगारियां निकलीं और फिर जोरदार धमाका हुआ। उस समय करीब 10 कर्मचारी ड्यूटी पर थे। किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला।’

12 बाइक और टैंकर जलकर खाक

आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में परिसर में खड़ी 12 मोटरसाइकिलें और ईंधन से भरा एक टैंकर पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आसमान में उठते काले धुएं और ऊंची लपटों को देखकर आसपास के रिहायशी इलाकों में भगदड़ मच गई। लोग धमाके के डर से अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

इस हादसे में कुल 12 लोग घायल हुए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुरानी पचोर निवासी बलराम की हालत गंभीर बनी हुई है। एक गंभीर रूप से झुलसे व्यक्ति को तत्काल इंदौर रेफर किया गया है। वहीं, 11 घायलों का इलाज पचोर, शाजापुर जिला अस्पताल और निजी अस्पतालों में चल रहा है।

पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पंप कर्मचारियों ने शुरुआत में अग्निशमन उपकरणों से आग बुझाने की कोशिश की। बाद में दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग को और फैलने से रोका जा सका।

पुलिस जांच जारी

पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर आग लगने का कारण बाइक से निकली चिंगारी बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी टीम की मदद से वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। फिलहाल, शहर में तनाव और दहशत का माहौल है। सुरक्षा के मद्देनजर पेट्रोल पंप के आसपास घेराबंदी कर दी गई है।

Read more:- Ghaziabad Fire: एसी सर्विस सेंटर में भीषण आग, सिलेंडर ब्लास्ट में बुजुर्ग की मौत

More From Author

sbi atm

बाहर SBI ATM, अंदर नाई की दुकान! पटना का अनोखा वीडियो वायरल

Mouni-Suraj

क्या अलग हो रहे हैं Mouni-Suraj? इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को किया अनफॉलो