Railway News: भारतीय रेलवे ने रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत देने की घोषणा की है। अब से अनारक्षित टिकट पर डिजिटल भुगतान करने पर तीन प्रतिशत की छूट मिलेगी। यह सुविधा 14 जनवरी 2026 से लागू होगी और यह डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई है।
रेल मंत्रालय के अनुसार, यह छूट रेलवे के ‘रेलवन एप’ के माध्यम से बुक किए गए अनारक्षित टिकटों पर लागू होगी। इस पहल से यात्रियों को काउंटर पर भीड़-भाड़ से बचने का मौका मिलेगा और उन्हें अधिक से अधिक डिजिटल माध्यम से टिकट बुक करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
किस तरह मिलेगा छूट?
रेलवन एप से अनारक्षित टिकट बुक करते समय यात्रियों को यूपीआई, मोबाइल वॉलेट, नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड जैसे स्वीकृत डिजिटल भुगतान माध्यमों पर तीन प्रतिशत की छूट मिलेगी। हालांकि, यह छूट आर-वॉलेट पर लागू नहीं होगी, लेकिन आर-वॉलेट से टिकट बुकिंग करने पर पहले से मिलने वाला तीन प्रतिशत बोनस कैशबैक जारी रहेगा।
रेल मंत्रालय का मानना है कि इस छूट से न सिर्फ यात्रियों को आर्थिक राहत मिलेगी, बल्कि डिजिटल भुगतान के प्रति उनकी रुचि भी बढ़ेगी। साथ ही, रेलवे के डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘रेलवन एप’ का उपयोग बढ़ेगा, जिससे यात्री अधिक सुविधाजनक और पारदर्शी तरीके से टिकट बुक कर सकेंगे।
क्या है रेलवन एप
रेलवन एप एक ऑल-इन-वन डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसे यात्रियों के लिए कई सेवाओं के एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के लिए विकसित किया गया है। इसके जरिए यात्री अपनी यात्रा से जुड़ी विभिन्न सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं, जैसे कि टिकट बुकिंग, रियल-टाइम ट्रेन जानकारी, पीएनआर स्टेटस, और अन्य सुविधाएं। रेलवे इस एप का प्रचार-प्रसार करने के लिए सोशल मीडिया और रेलवे स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली का भी उपयोग कर रहा है।
यात्रियों के लिए नई सुविधा
बिलासपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम, अनुराग कुमार सिंह ने कहा, ‘रेलवन एप यात्रियों के लिए एक आधुनिक और समग्र डिजिटल मंच है। अनारक्षित टिकटों पर दी जा रही यह छूट डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के साथ-साथ यात्रियों को सुरक्षित, पारदर्शी और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करेगी। रेलवे की यह पहल न सिर्फ यात्रियों को आर्थिक राहत देगी, बल्कि डिजिटल इंडिया अभियान को भी मजबूती देगी।’
Read more:- Railway Time Change: नए साल से रेलवे यात्रियों को बड़ी राहत, समय में होगा बदलाव

