Sasaram Railway Station : आग लगने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीते दिन मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में एक बड़ा रेल हादसा टल गया था, जहां दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन जा रही गाड़ी संख्या 12431 राजधानी एक्सप्रेस में अचानक भीषण आग लग गई थी। हालांकि, सभी 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं, सोमवार सुबह बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म पर खड़ी एक ट्रेन में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।
आग लगते ही प्लेटफॉर्म और ट्रेन में मौजूद यात्री इधर-उधर भागने लगे। बताया जा रहा है कि ट्रेन प्लेटफॉर्म पर खड़ी थी, तभी अचानक एक बोगी से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरी बोगी को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय ट्रेन में यात्री मौजूद थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई पूरी घटना
प्रत्यक्षदर्शी अभिषेक रंजन ने बताया, सासाराम-पटना फास्ट पैसेंजर ट्रेन अपनी निर्धारित समय के अनुसार प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर खड़ी थी। तभी अचानक एक बोगी से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते पूरी बोगी में आग लग गई। अगर दमकल विभाग और रेलवे स्टाफ समय पर पहुंच जाते तो आग पर जल्दी काबू पाया जा सकता था। रेलवे स्टाफ के देर से पहुंचने के कारण आग और फैल गई।
रेलवे की लापरवाही पर उठे सवाल
बताया जा रहा है कि यह घटना सुबह करीब 5:30 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन को भारी नुकसान प्रबंधन की लापरवाही के कारण हुआ। आग बुझाने के लिए बिछाई गई पाइपलाइन में पानी नहीं था और रेलवे के अग्निशमन सिलेंडरों में भी गैस खत्म थी। लोगों का कहना है कि यदि सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त होती, तो आग इतनी नहीं फैलती।
इस घटना के बाद रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियों पर सवाल उठने लगे हैं। आग की चपेट में आई एक बोगी पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जिसे समय रहते ट्रेन से अलग कर दिया गया। वहीं, आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
रिपोर्ट्स के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फिलहाल रेल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। इस घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि आज सुबह लगभग 5:30 बजे सासाराम स्टेशन से सूचना मिली कि प्लेटफॉर्म संख्या 6 पर खड़ी गाड़ी संख्या 53212 डाउन सासाराम-पटना पैसेंजर ट्रेन के एक कोच में आग लग गई है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और सुबह 6 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया।
Read more:- Rajdhani Express के 2 डिब्बों में लगी भीषण आग, दिल्ली-मुंबई रूट ठप

