Jammu Kashmir के डोडा जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। भद्रवाह-चंबा अंतरराज्यीय सड़क पर खन्नी टॉप के पास सेना का एक बुलेटप्रूफ वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया, जिससे भारतीय सेना के 10 जवानों की जान चली गई और 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब सेना का वाहन ऊंचाई वाली चौकी की ओर जा रहा था।
अधिकारियों के अनुसार, बुलेटप्रूफ वाहन में कुल 20 जवान सवार थे। यह वाहन भद्रवाह-चंबा रोड पर खन्नी टॉप के पास से गुजर रहा था, तभी अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में गिर गया। हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया।
मौके पर 10 जवानों के शव बरामद किए गए, जबकि सात घायल जवानों को विशेष चिकित्सा सहायता के लिए एयरलिफ्ट कर उधमपुर स्थित सैन्य अस्पताल भेजा गया है। हादसे की वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने जताया दुख
इस हादसे पर केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने दुख जताते हुए जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उन्होंने डोडा के डीसी हरविंदर सिंह से बात की और हादसे के बारे में जानकर गहरा सदमा हुआ। उन्होंने कहा, ‘इस दुखद हादसे में 10 जवान शहीद हो गए और अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उधमपुर के कमांड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हम सभी आवश्यक चिकित्सा सहायता प्रदान कर रहे हैं।’ डॉ. जितेंद्र सिंह ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की और सभी घायल जवानों की जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी हादसे पर दुख व्यक्त किया। उनके कार्यालय से जारी बयान में कहा गया, ‘डोडा में हुई इस दुखद सड़क दुर्घटना में भारतीय सेना के 10 बहादुर जवानों की मृत्यु ने हमें अत्यंत दुखी किया है। हम इन वीर जवानों की सेवा और बलिदान को हमेशा याद रखेंगे। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इस कठिन घड़ी में पूरा देश शोक संतप्त परिवारों के साथ एकजुटता और समर्थन में खड़ा है।’
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने शहीद सैनिकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं जताई और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की। साथ ही, उन्होंने बचाव और राहत कार्यों की सराहना की।
महबूबा मुफ्ती ने भी शोक व्यक्त किया
पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने भी इस हादसे पर शोक जताया। उन्होंने एक पोस्ट में लिखा, ‘डोडा से आई दुखद खबर सुनकर बहुत दुख हुआ, जहां एक आर्मी गाड़ी का एक्सीडेंट हुआ, जिसमें 10 बहादुर सैनिकों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। मेरी गहरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं और घायलों के जल्द ठीक होने के लिए प्रार्थना करती हूं।’
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना के बाद, स्थानीय प्रशासन और सेना की टीमों ने त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। घायल जवानों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे में शहीद हुए जवानों के परिवारों के प्रति शोक और संवेदनाओं का सिलसिला जारी है, और देशभर से श्रद्धांजलि दी जा रही है।
Read more:- झारखंड के जसीडीह में ट्रेन और ट्रक की जोरदार टक्कर

