Indore Fire News

Indore Fire News : इंदौर में EV शोरूम में लगी आग, पड़ोसियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

Indore Fire News : देश के अलग-अलग हिस्सों में आग लगने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। दिल्ली के मालवीय नगर में बीते दिनों एक होटल में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद अब शुक्रवार सुबह उत्तर प्रदेश के नोएडा और मध्य प्रदेश के इंदौर से भीषण आग की खबरें सामने आई हैं। हालांकि, गनीमत यह रही कि इन दोनों हादसों में किसी की जान का नुकसान नहीं हुआ।

नोएडा की दो सोसायटियों में मची अफरा-तफरी

शुक्रवार सुबह दिल्ली-एनसीआर के नोएडा में दो अलग-अलग जगहों पर आग लग गई। पहली घटना सेक्टर-74 स्थित ‘IVY County’ सोसायटी की है, जहाँ एक फ्लैट में लगी आग ने तेजी से कई और फ्लैट्स को अपनी चपेट में ले लिया। वहीं, दूसरी घटना सेक्टर-52 की एक पीजी (PG) बिल्डिंग की है। दोनों ही जगहों पर दमकल विभाग ने समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

इंदौर में पड़ोसियों ने सीढ़ी लगाकर बचाई 20 जिंदगियां

इसी तरह का एक और दिल दहला देने वाला मामला मध्य प्रदेश के इंदौर के लसूड़िया इलाके से सामने आया। यहाँ शुक्रवार सुबह करीब सवा आठ बजे एक बहुमंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर शोरूम में भीषण आग लग गई। यह एक कमर्शियल और रेसिडेंशियल मिक्स बिल्डिंग थी, जिसके नीचे शोरूम था और ऊपर की मंजिलों पर छह परिवारों के करीब 20 से अधिक लोग रहते थे। सुबह जब आग लगी, तब अधिकांश लोग सो रहे थे। देखते ही देखते आग की लपटें और धुआं इतना बढ़ गया कि लोगों के लिए सीढ़ियों से नीचे उतरने का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया।

बिल्डिंग में चीख-पुकार सुनकर पास की इमारत के रहवासी तुरंत मदद के लिए आगे आए। पड़ोसियों ने बिना वक्त गंवाए अपनी सूझबूझ दिखाई और मजबूत रस्सियों व लकड़ी की सीढ़ियों की व्यवस्था की। उन्होंने दोनों इमारतों की छतों के बीच एक अस्थायी पुल जैसा रास्ता तैयार कर दिया, जिसके सहारे ऊपर फंसे सभी 20 से अधिक लोगों को एक-एक करके सुरक्षित दूसरी छत पर उतार लिया गया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगने की आशंका है, जिसमें शोरूम में रखे सभी इलेक्ट्रिक वाहन जलकर खाक हो गए, हालांकि फ्लैट्स के अंदर का घरेलू सामान सुरक्षित बच गया।

हादसों के बाद एक्शन में दिल्ली और यूपी सरकार

लगातार हो रहे इन अग्निकांडों के बाद अब दिल्ली और उत्तर प्रदेश की सरकारें पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई हैं। दिल्ली के मालवीय नगर होटल हादसे के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उच्चस्तरीय बैठक कर दिल्ली के सभी होटलों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक भवनों का विशेष फायर सेफ्टी ऑडिट कराने के सख्त आदेश दिए हैं।

वहीं दूसरी तरफ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पूरे राज्य में अग्नि सुरक्षा को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं। यूपी के सभी होटलों, कार्यालयों और हाईराइज इमारतों का विशेष निरीक्षण किया जाएगा और सभी होटलों को अपनी फायर सेफ्टी ऑडिट रिपोर्ट जमा करनी होगी, ताकि इमरजेंसी एग्जिट और अग्निशमन उपकरणों की कार्यक्षमता की सही जांच हो सके।

Read more:- Mohali Murder Case: ब्रेकअप से नाराज एक्स-बॉयफ्रेंड ने ऑफिस में घुसकर की एक्स-गर्लफ्रेंड की हत्या

More From Author

Mohali Murder Case

Mohali Murder Case: ब्रेकअप से नाराज एक्स-बॉयफ्रेंड ने ऑफिस में घुसकर की एक्स-गर्लफ्रेंड की हत्या