Ketan Agarwal murder: पुणे के जाने-माने रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में ग्रामीण पुलिस ने अपनी जांच काफी तेज कर दी है। रविवार को पुलिस की एक टीम मुख्य आरोपी सिया गोयल को साथ लेकर वारदात वाली जगह यानी लोहागढ़ किला पहुंची। यहाँ पुलिस ने पूरी घटना का ‘सीन रीक्रिएशन’ किया, ताकि 18 जून को हुए इस हादसे के घटनाक्रम को समझा जा सके।
इसके साथ ही पुलिस ने मामले के दूसरे आरोपी और सिया के प्रेमी चेतन चौधरी की वह बाइक, हुडी और हेडफोन भी जब्त कर लिए हैं, जिनका इस्तेमाल उसने वारदात के दिन किया था। इन सभी चीजों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है।
बदनामी के डर से की हत्या
पुलिस पूछताछ में 20 वर्षीय आरोपी सिया गोयल ने जो खुलासे किए हैं, वे चौंकाने वाले हैं। सिया ने बताया कि वह केतन अग्रवाल से शादी नहीं करना चाहती थी। उसे डर था कि अगर उसने खुद शादी तोड़ी, तो समाज में उसके परिवार की भारी बदनामी होगी। इसी बदनामी से बचने के लिए उसने अपने प्रेमी चेतन चौधरी (22 साल) के साथ मिलकर केतन को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। इसके अलावा सिया ने यह भी दावा किया कि वह केतन के हकलाने, बार-बार टोकने और बहुत कम बोलने की आदत से भी काफी परेशान थी।
गूगल पर सर्च की थी स्क्रिप्ट
पुलिस के मुताबिक, यह कोई अचानक हुई वारदात नहीं थी, बल्कि इसकी पूरी स्क्रिप्ट पहले से तैयार की गई थी। आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से इंटरनेट पर यह तक सर्च किया था कि हत्या के बाद पुलिस उनसे क्या सवाल पूछ सकती है और उन्हें क्या जवाब देने हैं।
चूंकि केतन पहले से चेतन को वीडियो कॉल के जरिए सिया के दोस्त के रूप में पहचानता था, इसलिए चेतन अपनी पहचान छुपाने के लिए हुडी पहनकर और हेडफोन लगाकर किले पर पहुंचा था। इस वजह से सीसीटीवी कैमरों में भी उसका चेहरा साफ नहीं आया।
केतन को किले से नीचे धक्का देने के बाद आरोपी चेतन बिल्कुल सामान्य दिख रहा था। सीसीटीवी फुटेज में वह रास्ते में लोगों से बात करता और चाय पीता नजर आया। घर पहुंचते ही उसने सिया से व्हाट्सऐप पर लंबी बात की और पकड़े जाने के डर से कई मैसेज डिलीट भी कर दिए।
अब एक-दूसरे पर मढ़ रहे हैं दोष
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की हिरासत में हैं, लेकिन अब वे पूछताछ में एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। दोनों खुद को बेकसूर बताकर जिम्मेदारी दूसरे पर डाल रहे हैं। यहाँ तक कि चेतन के पिता ने दावा किया है कि सिया उनके बेटे को जानबूझकर फंसा रही है।
पुलिस जल्द ही चेतन चौधरी को भी अलग से लोहागढ़ किले लेकर जाएगी ताकि दोनों के बयानों का मिलान किया जा सके। जांच टीम फिलहाल आरोपियों के डिजिटल रिकॉर्ड्स, मोबाइल डेटा और हत्या की इस पूरी साजिश के हर पहलू को खंगालने में जुटी है।
Read more:- Delhi Weather Update: तपती दिल्ली को जल्द मिलेगी उमस से राहत, जुलाई की शुरुआत में झमाझम बारिश के आसार

