Ghaziabad Surya Case

Ghaziabad Surya Case के मुख्य आरोपी असद का एनकाउंटर, पुलिस मुठभेड़ में ढेर

Ghaziabad Surya Case: गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। यह एनकाउंटर इंदिरापुरम इलाके में हुआ। पुलिस के अनुसार, असद हत्या की वारदात के बाद से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस को सूचना मिली थी कि असद अपने एक दोस्त से मिलने और कुछ पैसे लेने के लिए खोड़ा आने वाला है। इसके बाद वह शहर छोड़कर भागने की योजना बना रहा था। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू किया।

पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान असद अपने एक साथी के साथ बाइक पर आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोप है कि उसने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। मुठभेड़ के दौरान असद गोली लगने से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस मुठभेड़ में एक पुलिस कांस्टेबल भी घायल हुआ है। वहीं, असद का साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। घटनास्थल से एक पिस्टल और बाइक भी बरामद की गई है।

डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि सूर्या चौहान हत्याकांड में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इनमें से तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपी असद फरार था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।

गौरतलब है कि 28 मई को बकरीद के दिन खोड़ा क्षेत्र में सूर्या चौहान की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था। परिजनों और विभिन्न हिंदू संगठनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया था। एनकाउंटर के बाद सूर्या की मां सरोज ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें असद की तस्वीर दिखाई जानी चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग भी उठाई।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Read more:- Ghaziabad Surya Case: 17 साल के सूर्या की हत्या,गाजियाबाद से उठी इंसाफ की पुकार!

More From Author

Ghaziabad Surya Case

Ghaziabad Surya Case: 17 साल के सूर्या की हत्या,गाजियाबाद से उठी इंसाफ की पुकार!