Gurugram News: हरियाणा के गुरुग्राम में बसई रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर देर रात हुई गुंडागर्दी की एक गंभीर घटना सामने आई है। न्यू कॉलोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एचपी पेट्रोल पंप पर नशे में धुत कुछ युवकों ने बाइक सवार एक युवक को घेरकर बेरहमी से पीट दिया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पेट्रोल पंप पर पहले से मौजूद थे आरोपी युवक
जानकारी के अनुसार, यह घटना गुरुवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित युवक अपने साथी के साथ बाइक में ईंधन भरवाने के लिए पेट्रोल पंप पर पहुंचा था। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद कुछ युवकों ने उसे घेर लिया और अचानक उस पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी युवक नशे की हालत में थे और हाथों में लाठी-डंडे लिए हुए थे। जैसे ही बाइक सवार युवक वहां पहुंचा, उसे रोककर बिना किसी बहस के पीटना शुरू कर दिया गया।
लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला
हमलावरों ने पीड़ित युवक को संभलने का कोई मौका नहीं दिया और लात-घूंसों तथा डंडों से उस पर ताबड़तोड़ हमला किया। इस दौरान उसके साथ मौजूद साथी किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भाग निकले।
इसके बाद आरोपियों ने अकेले पड़े युवक को और ज्यादा बेरहमी से पीटा। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
वीडियो वायरल, लोगों में आक्रोश
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे आरोपी युवक पीड़ित को चारों ओर से घेरकर हमला कर रहे हैं। इस दौरान पेट्रोल पंप कर्मचारी और अन्य लोग डर के कारण कुछ नहीं कर पाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बसई रोड और न्यू कॉलोनी इलाके में देर रात असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ता जा रहा है। कई बार पुलिस पीसीआर आने पर ये लोग छिप जाते हैं और पुलिस के जाते ही फिर से वारदातों को अंजाम देते हैं।
पुलिस जांच में जुटी
हालांकि इस मामले में अभी तक किसी पक्ष द्वारा औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद न्यू कॉलोनी थाना पुलिस हरकत में आ गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वायरल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। साथ ही पेट्रोल पंप कर्मचारियों और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष से भी संपर्क करने का प्रयास शुरू कर दिया है।
Read more:- Gurugram News: लिफ्ट अटकने पर युवकों ने ऑपरेटर को पीटा, फोड़ दी आंख

