jaipur cracker factory: राजस्थान की राजधानी जयपुर के खो-नागोरियान इलाके में एक बड़ा हादसा सामने आया है। यहाँ एक मकान के भीतर अवैध रूप से चल रही पटाखा फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में 5 लोगों की जलकर मौत हो गई है, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
कैसे हुआ हादसा?
यह हादसा खो-नागोरियान क्षेत्र के एक बेहद छोटे (करीब 70 गज) के प्लॉट में बने मकान में हुआ। शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री के अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला। देखते ही देखते धमाकों और आग की लपटों ने पूरे इलाके को दहला दिया।
राहत और बचाव कार्य पूरा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, सिविल डिफेंस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल गाड़ियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है और रेस्क्यू ऑपरेशन भी पूरा हो चुका है। हादसे के वक्त फैक्ट्री में कुल 8 लोग मौजूद थे जिसमें 5 लोगों की झुलसने से मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही 3 लोग गंभीर रूप से झुलसे हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
घायलों की हालत गंभीर
हादसे की खबर मिलते ही जिला कलेक्टर संदेश नायक सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने बताया ‘अस्पताल में भर्ती कराए गए तीनों मरीज 50 प्रतिशत से अधिक झुलस चुके हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।’
अवैध रूप से चल रही थी फैक्ट्री
प्रशासनिक जांच में सामने आया है कि यह पटाखा फैक्ट्री पूरी तरह अवैध रूप से एक रिहायशी मकान के अंदर चलाई जा रही थी। स्वास्थ्य मंत्री ने साफ किया है कि मामले की पूरी जांच की जाएगी और अवैध रूप से फैक्ट्री चलाने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Read more:- यूट्यूबर Khan Sir को कोर्ट से बड़ी राहत, गिरफ्तारी पर लगा स्टे

